अंबाला। लालडू़ निवासी 27 वर्षीय ऑटो चालक रवि की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। बताया जाता है कि रवि लालडू़ से कैंट तक ऑटो चलाता था। रोजाना की तरह वह ऑटो लेकर निकला था कि अचानक रास्ते में वह खराब हो गया। उसे ठीक करवाने के लिए छावनी जीएमएन कॉलेज के पास मोटर मार्केट में गया तो वहां अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई। वह बेसुध होकर जमीन पर गिर गया। उसके साथी उपचार के लिए छावनी नागरिक अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलते ही परिजन अस्पताल में पहुंचे। इस दौरान परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम करवाने से साफ इनकार कर दिया। इसके बाद डॉक्टर ने इलाका पुलिस को सूचित किया तो वह भड़क गए। देखते ही देखते डॉक्टर के साथ ही तीखी बहस शुरू कर दी। आखिर में सिक्योरिटी गार्ड व पुलिस मुलाजिम ने बीचबचाव कर मामले को शांत करवाया। सोमवार को शव का पोस्टमार्टम होगा। इलाका पुलिस ने भी मामले की जांच शुरू कर दी है। उधर, परिजनों का कहना था कि उनके बेटे को कोई बीमारी नहीं थी। अचानक ही वह जमीन पर गिर गया और मुंह से झाग निकलने लगा था।