अंबाला सिटी। एक माह की छुट्टियां खत्म होने के बाद शुक्रवार से स्कूल खुल गए हैं। पहले दिन अधिकतर स्कूलों में बच्चों की संख्या काफी कम दिखाई दी। जिले भर में करीब 60 से 70 प्रतिशत बच्चे ही स्कूल पहुंचे। अध्यापकों की मानें तो शनिवार और रविवार होने के कारण अधिकतर बच्चे स्कूल नहीं आए हैं। उम्मीद है कि सोमवार से बच्चों की संख्या बढ़ जाएगी और कक्षाएं एक बार फिर पहले की तरह शुरू हो जाएंगी।
दूसरी ओर, कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए शिक्षा विभाग एक फिर सतर्क हो गया है। स्कूलों की ओर से बच्चों को दोबारा से मास्क का प्रयोग करने की सलाह दी जा रही है, ताकि बच्चे कोरोना से बचे रहें। स्कूल खुलने से पहले प्रमुखों द्वारा स्कूलों को पूरी तरह से सैनिटाइज किया गया है। स्कूल प्रमुखों की मानें तो आगे भी यह प्रयास जारी रहेगा। जिला शिक्षा अधिकारी सुधीर कालड़ा ने बताया कि उन्होंने सभी स्कूलों को जरूरी दिशा निर्देश जारी कर दिए हैं।