अंबाला सिटी। मिर्जापुर गांव के निकट आईसीआईसीआई बैंक में चोरों ने सेंध मारी कर चोरी का प्रयास किया है। शातिर चोर 24 सितंबर की रात को दीवार तोड़कर बैंक में दाखिल हुए थे। गनीमत यह रही कि अलार्म बजने पर चोर नकदी नहीं चुरा पाए। जाते हुए वह बैंक के सिक्योरिटी सिस्टम का अलार्म व हूटर सहित वाईफाई चोरी कर ले गए। अंबाला सदर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर शंभू लाल ने बताया कि बैंक की नकदी चोरी नहीं हुई है। सीसीटीवी खंगाले गए है। मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है ताकि जल्द आरोपियों को काबू किया जा सके। उधर, बैंक प्रबंधक की तरफ से दीवार को भी दुरुस्त करवाया गया।
शिकायतकर्ता हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी निवासी विनित लाम्बा ने बताया कि वह मिर्जापुर के आईसीआईसीआई बैंक में बतौर मैनेजर के पद पर कार्यरत है। 24 सितंबर की शाम को वह रोजाना की तरह शाम को छुट्टी के बाद घर चला गया था। रात करीब 12 बजे सूचना मिली कि बैंक की दीवार तोड़कर किसी ने चोरी कर ली है। वह पहुंचा तो देखा कि जहां वह बैठता है, ठीक उसकी सीट के पीछे से चोर दीवार तोड़कर दाखिल हुए थे। गनीमत यह रही कि चोर बैंक से कोई नकदी नहीं ले जा सके। जिस अलमारी में वह नकदी रखते थे वो सुरक्षित था। जांच करने पर पता चला कि शातिर चोर जाते हुए बैंक का सिक्योरिटी सिस्टम का अलार्म व हूटर सहित वाईफाई चोरी कर ले गए।