अंबाला। छावनी की रामकिशन कॉलोनी में रहने वाली एक विवाहिता को उसके पति ने न केवल बेरहमी से पीटा, बल्कि गला दबाकर उसे मौत के घाट उतारने का प्रयास भी किया। पीड़िता का आरोप है कि पति मकान बनाने के लिए मायके से 2 लाख रुपये लाने का दबाव बना रहा था। पुलिस ने जांच के बाद आरोपी पति के खिलाफ विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है।
बाड़ा गांव की रहने वाली स्मृति (22) की शादी करीब एक साल पहले निहाल सिंह के साथ हुई थी। स्मृति ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि शादी के बाद से ही उसका पति उसे परेशान कर रहा था। पिछले साल दिवाली पर बाइक की मांग को लेकर उसका गला दबाया गया था, इसका इलाज पीजीआई चंडीगढ़ से चला। विवाहिता के अनुसार, अब उसका पति रामकिशन कॉलोनी में किराए के मकान को छोड़ अपना मकान बनाने के लिए मायके से 2 लाख रुपये लाने की मांग कर रहा था। मांग पूरी न होने पर 17 नवंबर की रात आरोपी ने उसकी पिटाई की और गला दबाकर जान लेने की कोशिश की।
गर्भपात का भी लगाया आरोप
स्मृति ने अपनी शिकायत में यह गंभीर आरोप भी लगाया कि मारपीट के कारण उसका करीब 20 दिन का गर्भ गिर गया। पीड़िता का आरोप है कि इस प्रताड़ना में उसकी सास और ससुर भी शामिल थे। हालांकि, पुलिस की प्रारंभिक जांच और तस्दीक में सास-ससुर के खिलाफ दहेज और मारपीट के आरोपों की पुष्टि नहीं हुई है, इसके चलते फिलहाल मुख्य आरोपी पति निहाल सिंह के विरुद्ध ही शिकंजा कसा गया है।