अंबाला। साइबर क्राइम के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए पुलिस ने कवायद तेज कर दी है। अंबाला पुलिस की तरफ से जगह-जगह सेमिनार और गोष्ठी के माध्यम से जागरूकता फैलाई जा रही है, जिससे कि कोई भी साइबर क्राइम से बच सके।
अंबाला पुलिस अधीक्षक सुरेंद्र सिंह भोरिया ने इस संबंध में सभी थाना प्रभारियों को भी निर्देश दिए है कि वह अपने-अपने इलाके में सेमिनार व गोष्ठी के जरिए लोगों को साइबर अपराधों के बारे जागरूक करें ताकि भविष्य में साइबर धोखाधड़ी व ठगी की वारदात न होने पाए।
उन्होंने कहा कि हम टेक्नोलॉजी के दौर में इतने तेजी से विकास कर रहे है कि इसके बिना हम अपने जीवन की कल्पना भी नहीं कर सकते, जितनी तेजी से हम इस डिजिटल दुनिया की ओर बढ़ रहे है। उतनी ही हम लोगों की इंटरनेट पर निर्भरता भी बढ़ रही है। इसके साथ साइबर अपराध के भी मामले बढ़ रहे हैं।
पुलिस अधीक्षक ने लोगों से आह्वान करते हुए कहा कि व्हाट्सएप या ई-मेल पर आए किसी भी संदिग्ध लिंक पर क्लिक न करें और बैंक संबंधी किसी भी प्रकार की जानकारी सांझा न करें, क्योंकि ऐसा करने से वे साइबर धोखाधड़ी का शिकार हो सकते हैं। उन्होंने कहा कि साइबर फ्राड से बचने के लिए सावधानी और सतर्कता ही बेहतर उपाय है।
जब भी किसी के साथ किसी भी प्रकार की साइबर धोखाधड़ी हो जाती है तो तुंरत साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें या साइबर पोर्टल बेवसाइट www.cybercrime.gov.in पर अपनी शिकायत दर्ज कराएं, जिससे कि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।