अंबाला। छावनी नागरिक अस्पताल में वीरवार को बेटे का मेडिकल करवाने पहुंचे पिता पर हमला होने का मामला सामने आया है। दूसरे पक्ष से अस्पताल के इमरजेंसी अस्पताल की रिसेप्शन पर टकराव हो गया। देखते ही देखते बहस हो गई। दूसरे पक्ष से तीन लोगों ने पिता व बेटे की जमकर पिटाई कर दी।
अस्पताल में हंगामा होते देखकर तीमारदार व मरीज भी सहम गए। आनन-फानन में सिक्योरिटी गार्ड सहित अस्पताल चौकी से पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचा और एक युवक को काबू कर रेजिमेंट चौकी के हवाले कर दिया। उधर, घायल पिता जफरू और बेटे गुलशन ने मेडिकल करवाकर पुलिस को शिकायत दी। हालांकि दूसरे पक्ष ने भी घायल पिता और बेटे पर मारपीट करने के आरोप लगाए हैं। इस संबंध में पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों से पूछताछ के बाद ही कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। उल्लेखनीय है कि महेश नगर थाना क्षेत्र स्थित रामपुर सरसेहड़ी में 16 अगस्त को वालीबॉल खेलने को लेकर झगड़ा हो गया था। मारपीट के आरोप लगने के बाद दोनों पक्षों की तरफ से मामला महेश नगर थाने पहुंच गया था। वहां समझौता नहीं हुआ तो व्यक्ति अपने बेटे संग कार्रवाई करवाने के लिए मेडिकल करवाने अस्पताल पहुंचा था। तभी हमला हो गया।