साहा। निर्माण स्थल पर खड़े युवकों ने ठेकेदार पर हमला कर दिया। घायल अवस्था में उसे डायल 112 की टीम ने उपचार के लिए अंबाला कैंट के नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने घायल के बयान पर आधा दर्जन युवकों पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बालू थाना गांव कलायत निवासी संदीप कुमार ने बताया कि वो एक कंपनी में ठेकेदारी का काम करता है। उसकी कंपनी ने अंबाला-शामली राष्ट्रीय राजमार्ग बनाने का काम लिया है। यहां बन रहे एक पुल का ठेका उसके पास है जोकि फलेल माजरा गांव के पास चल रहा है। उसने मिठापुर गांव में रहने के लिए कमरा किराए पर लिया है।
27 मई को शाम लगभग 5.30 बजे जब वो अपने कमरा से फलेल माजरा गांव में पुल के निर्माण स्थल पर जा रहा था तो पुल के नीचे पांच-छह लड़के खड़े थे। उसे शक हुआ कि उसकी साइट से जो सरिया व अन्य सामान चोरी हुआ है, वो इन्हीं लड़कों का काम है।
शक के आधार पर जब उसने गांव के रहने वाले अंकित,साहिल उर्फ शैली, अमित, मांगा, गोबिंद व देवी सरण से पूछा कि वो यहां क्यों खड़े हैं तो उन्होंने उसके साथ बहस शुरु कर दी और जब उसने उनका विरोध किया तो अमित और देवी शरण ने चाकू से उस पर हमला कर दिया। वहीं अन्य ने उसे मारना शुरु कर दिया। शोर सुनकर जब अन्य लोग मौके पर पहुंचे तो हमलावर मौके से भाग गए।