अंबाला सिटी। यूएचबीवीएन के अधीक्षक अभियंता कार्यालय में मंगलवार को बिजली अदालत लगाई गई। अदालत में सुबह 11 से दोपहर 1 बजे तक लोगों की समस्याएं सुनी गईं। अदालत में अधीक्षक अभियंता वीके गोयल ने उपभोक्ताओं की समस्याएं सुनीं। उन्होंने एसडीओ कार्यालय में समस्याओं के समाधान के निर्देश दिए। इस दौरान एक शिकायतकर्ता ने बिजली कनेक्शन के लिए विभाग द्वारा खंभे की धनराशि देने के लिए कहा गया।
खुड्डा कलां गांव के मंगू ने शिकायत दी कि उन्होंने बिजली कनेक्शन के लिए आवेदन किया हुआ है, लेकिन बिजली कर्मचारी कह रहे हैं कि करीब 130 से 135 मीटर दूर से तार डाली जाएगी और इसके लिए खंभे भी लगाने पड़ेंगे। इसकी राशि उनको देनी पड़ेगी। वह ऑटो चलाते हैं। इसकी राशि नहीं दे सकते। इस समस्या पर एसई ने चेक करवाकर जल्द समाधान का आश्वासन दिया। इसके अलावा एक उपभोक्ता ने सोलर ऊर्जा से संबंधित अपनी समस्या रखी।
शहर के परशुराम कॉलोनी के राजेश कुमार ने बताया कि पहले उनका बिल 500 रुपये आता था। इसके बाद 700 रुपये, फिर 1700 और बाद में 2900 रुपये आ गया। उनको एवरेज बिल भेजा जा रहा है। उन्होंने एसडीओ कार्यालय में इस समस्या को दूर करने के लिए एप्लीकेशन दी थी, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। अधीक्षक अभियंता ने उनकी शिकायत को सुना और एसडीओ कार्यालय में कर्मचारियों को निर्देश दिए कि समस्या को चेक कर समाधान किया जाए।संवाद