अंबाला सिटी। सराफा बाजार के श्री राम ज्वेलर्स से कारीगर करीब 22 लाख रुपये का 150 ग्राम खरा 24 कैरेट सोना चुराकर 18 जनवरी को भाग गए। वे दो माह तक झांसा देेते रहे। जब मालिक ने फोन पर संपर्क किया तो आरोपियों ने पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी। बोले कि अगर पुलिस को बताया तो एक मिनट में पूरे परिवार का गला काट देंगे।
पीड़ित ने जब आरोपी नीरज की पत्नी उमा को फोन किया तो उसने भी धमकी दी कि उनके गांव यूपी के उन्नाव गंगाखेड़ा आकर दिखाएं, जिंदा वापस नहीं जाएगा। अंबाला सिटी थाना पुलिस ने आरोपी नीरज कुमार व ध्रुव कुमार उर्फ राहुल पर रविवार को चोरी की धारा 306 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
पीड़ित का आरोप है कि इस वारदात को अंजाम देने के लिए आरोपियों के साले, मामा, चाचा के लड़के व पत्नी ने मिलकर एक सोची-समझी आपराधिक साजिश रची थी। यह पूरी वारदात दुकान के सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई थी।
5 साल पुराने कारीगरों ने तोड़ा विश्वास
अंबाला सिटी के मेहरवाला चौक निवासी पीड़ित बिस्वजीत पातरा ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि पिछले कई वर्षों से सोने के जेवरात बनाने का काम करते हैं। उनकी दुकान पर उत्तर प्रदेश के रहने वाले दो कारीगर नीरज कुमार व ध्रुव कुमार उर्फ राहुल पिछले 5-6 वर्षों से काम कर रहे थे। इन दोनों को तस्वीरों वाली गली निवासी कंदई लाल और सराफा बाजार में काम करने वाले नीरज के सगे मामा राजपाल उर्फ सूरजपाल ने पूरी जिम्मेदारी और गारंटी लेकर काम पर रखवाया था। 15 जनवरी 2026 को उनकी श्री राम ज्वेलर्स दुकान से 149.700 ग्राम खरे सोने के आभूषण बनाने का आर्डर मिला था। 17 जनवरी को यह सोना दोनों कारीगरों को अलग-अलग अड्डे पर काम करने के लिए सौंप दिया था। 73.800 ग्राम नीरज और 75.900 ग्राम ध्रुव को दिया था। 18 जनवरी को दोनों कारीगर दुकान से गायब मिले थे व फोन भी बंद कर दिए थे।
फोन पर आरोपियों ने उगला सच, बोले- पूरा गैंग शामिल
पीड़ित का आरोप है कि वारदात के बाद जब आरोपियों से संपर्क किया तो उन्होंने फोन पर अभद्र व्यवहार करते हुए कहा कि वह कब से इस दिन का इंतजार कर रहे थे। जब गुरुग्राम में रहने वाले नीरज के साले सूरज और सुभाष से संपर्क किया तो पहले वह 2 महीने तक आरोपियों को ढूंढने और सोना वापस दिलाने का झांसा देते रहे। इसके बाद 9 मार्च 2026 को आरोपियों ने फोन पर बड़ा खुलासा करते हुए कहा कि यह सोना चोरी करने का हम सबका सामूहिक प्लान था। इसमें हम दोनों भाई, जीजा नीरज, ध्रुव, अंबाला वाले मामा राजपाल और चाचा का लड़का कंदई लाल सब शामिल हैं। हमारे हिस्से का सोना हमें मिल गया है, अब अपना सोना भूल जा।