अंबाला। गृहमंत्री विज की कॉलोनी के बाहर अर्धनग्न अवस्था में रोष जताते हुए युवा
- फोटो : Ambala
कोरोना के चलते यमुनानगर में होने वाली 2020-21 की भर्ती बार-बार स्थगित होने और अन्य मांगों को लेकर शनिवार को छह जिलों के सैकड़ों युवा अंबाला की सड़कों पर उतर आए। इन युवाओं ने जमकर प्रदर्शन करते हुए रोष प्रकट किया। कहा कि भर्ती नहीं होने से हमारा भविष्य दांव पर लग गया है। अंबाला, कुरुक्षेत्र, कैथल, करनाल, यमुनानगर पंचकूला के सैकड़ों युवा मार्च निकालते हुए गृहमंत्री अनिल विज की कॉलोनी के बाहर पहुंचे। जहां जंधेड़ी से आए युवाओं ने अर्धनग्न होकर प्रदर्शन किया। इस दौरान भारी पुलिस बल मौके पर तैनात रहा।
चंद युवाओं ने स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज के नाम ज्ञापन सौंपते भर्ती जल्द करवाने और कोविड-19 के चलते उनकी आयु में छूट देने की गुहार लगाई। इस पर आश्वासन मिला कि जल्द ही सेना के आलाधिकारियों से बात की जाएगी। कुछ युवा तो संतुष्ट होकर लौट गए, लेकिन शेष युवा आश्वासन से असंतुष्ट होकर सैन्य क्षेत्र स्थित भर्ती कार्यालय के बाहर धरने पर बैठ गए। करीब आधे घंटे के बाद सेना के अधिकारी मौके पर पहुंचे। उनके आश्वासन के बाद युवा अपने घरों को लौट गए। करीब छह घंटे तक यह प्रदर्शन चलता रहा।
सेना के अधिकारी बोले- जून में दोबारा हो सकती है भर्ती, देंगे मौका
सैकड़ों की संख्या में जब युवा भर्ती केंद्र के बाहर जमा हो गए तो सेना भी अलर्ट हो गई। भारी संख्या में सेना के जवान अपने हथियारों सहित युवाओं के पास खड़े हो गए। हाथों में तिरंगा लिए युवा करीब आधे घंटे तक कार्यालय के बाहर बैठे रहे। आखिर में कुछ सेना के अफसर बाहर आए और बोले कि तुम्हारी राज्य सरकार ने अनुमति नहीं दी नहीं तो पहले ही करवा देते भर्ती। उन्होंने आश्वासन दिया कि जून में भर्ती हो सकती है और उन्हें मौका दिया जाएगा। तुम सभी अपनी-अपनी तैयारियां करो। बाद में कुछ युवाओं की फोटो और जानकारी लेकर अफसर चले गए।
यह थी युवाओं की मांगें
वह भारतीय सेना में भर्ती होने के लिए पिछले तीन-चार साल से तैयारी कर रहे हैं। जिला यमुनानगर में भारतीय सेना की भर्ती 2020-21 मई में होनी थी, लेकिन कोविड-19 के कारण उसकी अवधि 3 से 4 माह आगे बढ़ा दी गई। अब यह भर्ती 2021 में फरवरी माह में 23 से 28 फरवरी के बीच होनी थी, लेकिन दोबारा से भर्ती की तिथि आगे बढ़ाने की जगह उसे रद्द कर दिया गया है। ऐसा होने से वह युवा सबसे ज्यादा चिंतित हैं, जिनकी उम्र लगभग पूरी हो चुकी है। अगर यह भर्ती 31 मार्च 2021 से पहले नहीं करवाई गई तो अधिकतर युवाओं की भर्ती उम्र निकल जाएगी। पूरे भारतवर्ष में अलग-अलग जगह भर्ती चल रही है और युवाओं को कोविड-19 के चलते छूट भी दी जा रही है। इसी तरह उन्हें भी मौका दिया जाए।
करीब 35 किलोमीटर पैदल मार्च कर पहुंचे युवा
अंबाला शहर हलके के गांव जंधेड़ी से मारकंडा आर्मी ग्रुप के युवाओं ने मार्च निकाला। यह युवा पैदल की गृहमंत्री अनिल विज के निवास स्थान पर पहुंचे और अर्धनग्न अवस्था में ही रोष जताया। युवाओं का कहना था कि वह दिनरात मेहनत कर रहे हैं और उनका मकसद केवल सेना में भर्ती होकर देश की सेवा करना है। बता दें कि जंधेड़ी अंबाला से करीब 35 किलोमीटर की दूरी पर है।