अंबाला। लोगों को भारत के ऑपरेशन सिंदूर की जैसे ही जानकारी मिली तो सभी चेहरे खिल गए। अंबाला सेना और वायु सेना के लिहाज से काफी प्रमुख केंद्र है। ऐसे में एयर स्ट्राइक के बाद सेना और वायु सेना अलर्ट पर हैं।
कई बार मॉकड्रिल के माध्यम से अपनी तैयारियों की समीक्षा भी कर चुके हैं। सेना और वायु सेना के स्टेशन पर सुरक्षा को और मजबूत कर दिया है। वहीं, एहतियात के तौर पर एयरफोर्स स्टेशन के पास एयरफोर्स स्कूल की बुधवार को अचानक से छुट्टी कर दी गई। इस अवकाश को आगामी आदेश तक रखा है।
सैन्य क्षेत्र में नाके, कई जगह वाहनों की एंट्री बंद
सैन्य क्षेत्र में पहले तो आम नागरिकों के लिए सभी रास्तों को खोला था। मगर बुधवार को देखने को मिला कि कुछ रास्तों को अस्थाई तौर पर बेरिकेडिंग लगाकर रोका गया है। यहां से वाहनों के साथ आवाजाही नहीं हो सकती है। इसके साथ ही सैन्य क्षेत्र में नाकों की संख्या पूर्व में भी बढ़ा दी गई थी। यहां पर सेना के साथ पुलिस भी अपने बंकर में पहरेदारी कर रही है। आने जाने वाले वाहनों पर हर तरह से नजर रखी जा रही है। इसके साथ ही गश्त भी बढ़ा दिया गया है।
रेलवे कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द
आगामी हालात को देखते हुए अंबाला रेल मंडल के पर्सनल विभाग ने निर्देश जारी किए हैं कि बिना किसी ठोस कारण के छुट्टी न दी जाए। ट्रेनों के निर्बाध संचालन बनाए रखने के लिए, इस महत्वपूर्ण अवधि के दौरान नए अवकाश अनुरोध को मंजूरी देने से बचें। ट्रेन संचालन से जुड़े संबंधित कर्मचारियों को स्टेशन अवकाश की अनुमति देने से बचें। पर्याप्त कर्मचारियों को सुनिश्चित करने के लिए पहले से स्वीकृत छुट्टियों की समीक्षा करें और यदि आवश्यक हो, तो उन्हें रद्द करें। वहीं कोई झूठी बीमारी की छुट्टी लेकर आता है तो उसे बिना जांच के स्वीकृत न करें।