अंबाला कैंट तहसील परिसर में अधिवक्ता पर हमले का सीसीटीवी फुटेज: सोशल मीडिया
अंबाला। कैंट तहसील परिसर में अधिवक्ता विकास नाथ परुथी पर हमला करने वाले दो प्रॉपर्टी डीलर रवि व गुरपाल पर अंबाला कैंट थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है। विकास की तहरीर पर दोनों आरोपियों पर ऑर्म्स एक्ट सहित मारपीट की धारा 115, अवैध रूप से रोकना 126, जान से मारने की धमकी देने 351(2) की धाराओं के तहत कार्रवाई हुई।
शुक्रवार को तहसील खुलने के बाद सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया। इसमें दिखाई दे रहा है कि पहले तो जमीनी विवाद को लेकर दोनों पक्षों में झगड़ा होता है। इतने में रवि व गुरपाल अधिवक्ता पर हमला दिया। अभी इस मामले में कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है।
पुलिस को दी तहरीर में अधिवक्ता विकास नाथ परूथी ने बताया कि वह सिटी कोर्ट व अंबाला कैंट में कार्य करते हैं। कुछ समय पहले बब्याल में पावर हाउस रोड पर दुकानें रवि बब्याल को बेची थी। बयाने की तारीख के मुताबिक रजिस्ट्री की तारीख निकल गई थी। रवि तारीख बढ़ाने के लिए दबाव डाल रहा था। मना करने पर कहने लगा था कि मेरा पार्टनर गुरपाल माजरा है यदि तूने समय नहीं बढ़ाया तो मेरे पार्टनर को तू जानता नहीं, तुझे जान से मार देंगे व जगह पर भी कब्जा कर लेंगे। वीरवार को रवि व गुरपाल तहसील में आ गए। गुरपाल माजरा रिवाल्वर दिखाकर कहने लगा कि सारी गोलियां मार दूंगा। तू हमारी डीटीपी को शिकायतें करता है। इतना कहते ही गुरपाल माजरा व रवि ने हमला कर दिया। जाते हुए भी धमकाया। संवाद