संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला। दीपावली की रात आतिशबाजी के कारण अंबाला की आबोहवा पूरी तरह जहरीली हो गई। धुएं और प्रदूषण के कारण वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 300 के बेहद खतरनाक स्तर तक पहुंच गया। पिछली बार दीपावली पर वायु प्रदूषण से तुलना करें तो यह काफी अधिक है। वर्ष 2025 में 234 एक्यूआई दर्ज किया गया था।
इस बार वायु प्रदूषण के कारण सांस और अस्थमा के मरीजों की परेशानियां अचानक बढ़ गईं। बिगड़ी सेहत के कारण कैंट स्थित नागरिक अस्पताल में करीब 15 मरीज आपातकालीन स्थिति में इलाज के लिए पहुंचे। अस्पताल पहुंचे मरीजों में से कई को सांस लेने में भारी तकलीफ का सामना करना पड़ रहा था। स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों की टीम ने तुरंत उपचार किया।
कुछ मरीजों को इमरजेंसी में ही ऑक्सीजन सपोर्ट पर रखा गया, जबकि कुछ को इनहेलर लगाकर कृत्रिम सांस दी गई। त्वरित इलाज मिलने से मरीजों की हालत में सुधार आया। हालांकि सोमवार को प्रदूषण कम होने से एक्यूआई का स्तर 186 तक पहुंच गया था। वहीं दीपावली से पहले दो दिन का एक्यूआई स्तर 271 व 238 दर्ज किया गया था।
-
दीपावली की रात प्रदूषण का स्तर अत्यधिक बढ़ने से सांस के मरीजों को दिक्कत आई थी। अस्पताल में सभी आवश्यक इंतजाम पूरे थे और समय रहते सभी मरीजों को ऑक्सीजन व इनहेलर देकर राहत पहुंचाई गई।
- डॉ. सुमित, चिकित्सा अधिकारी, नागरिक अस्पताल।