संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला। शहर की आबोहवा में वीरवार को मामूली सुधार तो दर्ज किया गया, लेकिन प्रदूषण से पूरी तरह राहत अभी भी दूर है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के ताजा आंकड़ों के मुताबिक, जिले का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 216 दर्ज किया गया, जो बुधवार के 243 के मुकाबले 27 अंक कम है।
अंकों में इस गिरावट के बावजूद हवा की गुणवत्ता अभी भी खराब श्रेणी में बनी हुई है। इससे लोगों और खासकर सांस के मरीजों की परेशानी कम नहीं हो रही है। सुबह और शाम के समय तापमान में गिरावट के कारण वातावरण में हल्की धुंध और स्मॉग की परत छाई रही। हवा की रफ्तार धीमी होने के कारण धूल के बारीक कण (पीएम 2.5 और पीएम 10) निचले स्तर पर ही ठहरे हुए हैं। शहर के मुख्य चौराहों, निर्माणाधीन सड़कों और हाईवे के आसपास उड़ती धूल व वाहनों के धुएं ने हवा को जहरीला बनाए रखा है।
स्वास्थ्य पर असर और चिकित्सकों की सलाह
लगातार खराब श्रेणी की हवा में सांस लेने से लोगों में आंखों में जलन, गले में खराश और जुकाम-खांसी की शिकायतें बढ़ गई हैं। नागरिक अस्पताल के चिकित्सक डॉ. अमित ने बताया कि 200 से ऊपर का एक्यूआई दमा (अस्थमा) रोगियों, बुजुर्गों और छोटे बच्चों के लिए नुकसानदेह है। डॉक्टरों ने सुबह-शाम की सैर के दौरान मास्क का इस्तेमाल करने, अधिक पानी पीने और धूल भरे इलाकों में जाने से बचने की सलाह दी है। वहीं, पर्यावरण विशेषज्ञों का मानना है कि जब तक तेज हवा नहीं चलती या हल्की बूंदाबांदी नहीं होती, तब तक एक्यूआई में बड़े सुधार की उम्मीद कम है।