अंबाला छावनी स्थित एसडी कॉलेज। संवाद
अंबाला। एसडी कॉलेज में स्नातक (यूजी) पाठ्यक्रमों में दाखिला लेने के लिए छात्र-छात्राओं में भारी उत्साह देखा जा रहा है। कॉलेज प्रशासन की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक, इस सत्र में कई लोकप्रिय कोर्सेज में सीटों के मुकाबले आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों की संख्या काफी अधिक पहुंच गई है। वाणिज्य (कॉमर्स) और कंप्यूटर एप्लीकेशन जैसे प्रोफेशनल कोर्सेज में दाखिले के लिए इस बार कड़ा मुकाबला देखने को मिल रहा है।
कॉलेज द्वारा जारी सूची के अनुसार, बैचलर ऑफ कॉमर्स बीकॉम एडेड कोर्स के लिए छात्रों ने सबसे ज्यादा आवेदन किए हैं। इस कोर्स में कुल 90 सीटें उपलब्ध हैं, जबकि इनके मुकाबले 203 छात्र-छात्राओं ने आवेदन किया है। यानी हर एक सीट के लिए दो से अधिक दावेदार लाइन में हैं। इसी तरह प्रोफेशनल कोर्सेज की बात करें तो बीसीए में सबसे अधिक कुल 214 आवेदन प्राप्त हुए हैं, जबकि यहां सीटों की संख्या 180 है। वहीं बीबीए की 120 सीटों के लिए भी 161 छात्र अपनी दावेदारी ठोक चुके हैं।
-
आर्ट्स और साइंस में अभी राहत
एक ओर जहां कॉमर्स और मैनेजमेंट कोर्सेज में मारामारी है, वहीं बीए और बीएससी के विभिन्न संकायों में फिलहाल सीटों के मुकाबले कम आवेदन आए हैं। इससे इन कोर्सेज में दाखिला चाहने वाले छात्रों को राहत मिल सकती है। कॉलेज से प्राप्त आंकड़ों के आधार पर बीए में 320 सीटों के मुकाबले 196 आवेदन आए हैं। इसी प्रकार बीएससी फिजिकल साइंसेज में 160 सीटों के मुकाबले महज 36 आवेदन प्राप्त हुए हैं। जबकि बीएससी लाइफ साइंसेज में 60 सीटों के मुकाबले 38 आवेदन मिले हैं।
-
पहली पसंद नहीं होने वाले आवेदन भी शामिल
कॉलेज प्राचार्य डॉ. अलका शर्मा ने स्पष्ट किया है कि आवेदन के इन आंकड़ों में वे छात्र भी शामिल हैं, जिन्होंने इन कोर्सेज को अपनी पहली पसंद के रूप में नहीं चुना है। ऐसे में पहली मेरिट सूची जारी होने के बाद ही दाखिले की वास्तविक स्थिति और कट-ऑफ का सटीक अंदाजा लग सकेगा। फिलहाल, पसंदीदा कोर्सेज में जगह बनाने के लिए छात्रों को ऊंची कट-ऑफ का सामना करना पड़ सकता है।