अंबाला सिटी। पेटियों में बंद कश्मीर से आ रहे पाकिस्तान के झंडे और समर्थित नारे अंकित सेब अब अंबाला पहुंच गए हैं। सिटी में जब दुकानदारों ने सेबों की पेटियां खोली तो उसमें से अजीबोगरीब अंकित सेब देखकर वे चकित रह गए और घबरा गए। पेटी में कुछ ऐसे सेब निकले जिसमें भारत विरोधी तथा पाकिस्तान के पक्ष में नारे लिखे गए थे। यह किसी की शरारत है या फिर लोगों के दिलों में जहर फैलाने और अमन शांति बिगाड़ने की सोची समझी साजिश फिलहाल यह जांच का विषय है। हालांकि छोटे रेहड़ी संचालक पुलिस को किसी भी प्रकार की शिकायत देने में घबरा रहे हैं जिसके चलते अभी तक पुलिस के पास भी कोई शिकायत दर्ज नहीं हुई है।
एक सेब विक्रेता रेहड़ी संचालक ने बताया कि उसने शनिवार की सुबह मंडी से सेब की पेटियां खरीदी थी। जब इन्हें खोलकर रेहड़ी पर सजा रहा था तो एक पेटी से निकले सेबों पर पेन से भारत विरोधी तथा कश्मीर को पाकिस्तान का हिस्सा बताने वाले नारे लिखे थे।
उसने वह सेब बेचने से इंकार कर सेबों को फेंक दिया। सेब पर अंग्रेजी में ‘कश्मीर इन पाकिस्तान नॉट इंडिया’, ‘गो इंडिया गो बैक’, ‘वुई वांट फ्रीडम’, जैसे नारे लिखे थे। हालांकि छोटे रेहड़ी संचालक डर के मारे पुलिस को किसी भी प्रकार की शिकायत देने से घबरा रहे हैं जिसके चलते पुलिस के पास अभी तक कोई भी शिकायत दर्ज नहीं हो पाई है।
सामाजिक संगठनों ने जताई नाराजगी, कार्रवाई की मांग
वहीं इसे पूरे मामले में सामाजिक संगठनों में भी भारी रोष है। समाज सेवी एवं पंजाबी बिरादरी विकास सभा के अध्यक्ष एडवोकेट संदीप सचदेवा ने कहा कि देश की अखंडता एवं एकता को बिगाड़ने के लिए इस प्रकार के संदेश फैलाए जा रहे हैं, जो किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे। राष्ट्रीय पंजाबी महासभा के अध्यक्ष सुंदर ढींगरा ने कहा कि कश्मीर भारत का अभिन्न अंग है, और शरारती लोगों द्वारा इसकी शांति को भंग करने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय पंजाबी महासभा सरकार से मांग करती है कि इस पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच की जाए और इस प्रकार की नापाक कोशिशें करने वालों के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाए। भारत विकास परिषद के जिलाध्यक्ष दीपक राय आनंद ने कहा कि कश्मीर भारत का था, है और रहेगा। उधर, इस मामले में इलाका पुलिस चौकी नंबर दो प्रभारी संजय ने बताया कि अभी तक उनके पास ऐसी शिकायत और सेब पहुंचे नहीं है। उनके पास सेब आएंगे तो वे कार्रवाई करेंगे।