अंबाला सिटी। जिले में रविवार को पल्स पोलियो अभियान चलाया गया। सुबह से शाम तक जिले में 1 लाख 29 हजार 338 बच्चों में से 77 हजार 107 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई गई। पहले दिन 59.6 प्रतिशत बच्चे कवर हो सके। अब बाकी बचे 52 हजार 231 बच्चों को घर-घर जाकर पोलियो की खुराक पिलाई जाएगी।
उप सिविल सर्जन प्रतिरक्षण डॉ. नीलम कुशवाहा ने बताया कि जन्म से 5 साल तक के बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई गई। रविवार को सभी पोलियो बूथ पर यह खुराक पिलाई गई और 13 व 14 अक्तूबर को घर-घर जाकर पोलियो की खुराक पिलाने का काम किया जाएगा।
वहीं, पोलियो खुराक पिलाने के लिए जिले में 994 बूथों पर 2834 स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं, आंगनबाड़ी वर्कर, आशा सामाजिक कार्यकर्ता, नेहरू युवा कार्यकर्ता और विभिन्न गैर सरकारी संस्थाओं के सदस्यों, पंचायती राज व जिला प्रशासन के सहयोग से 0 से 5 वर्ष के बच्चों को पोलियो की अतिरिक्त खुराक पिलाई गई। इसके साथ ही जिला के औद्योगिक क्षेत्र, निर्माणाधीन स्थल, झुग्गियों में रह रहे कामगार मजदूरों के बच्चों को हाई रिस्क एरिया घोषित कर विशेष टीमें लगाई गई थी। जिला में पोलियो अभियान को प्रभावी ढंग से सफल बनाने के लिए 139 गाडियां, 48 मोबाइल टीम, 139 सुपरवाइजरों व कार्यक्रम अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई थी।