अंबाला सिटी। नागरिक अस्पताल में लू के लिए अधूरे इंतजामों पर स्वास्थ्य विभाग की ओर से स्वास्थ्य केंद्रों को नोटिस दिया है। इसके साथ ही केंद्र के प्रबंधकों से सात दिनों में जवाब मांगा है। जवाब नहीं मिला तो कार्रवाई होगी।
इसके साथ ही व्यवस्थाओं में भी सुधार करने के निर्देश जारी किए हैं। गौरतलब है कि लू के चलते विभाग की ओर से मरीजों को ठंडा वातावरण देने, जिसमें वार्डाें में एसी को दुरुस्त करवाना, ठंडे पानी का इंतजाम, ओआरएस कॉर्नर बनाने के निर्देश दिए थे। इसके बाद भी अस्पताल में इंतजाम अधूरे देखने को मिले थे। जबकि अधिकारियों के कमरों में एसी की सर्विस करवाई जा रही थी।
वार्ड में भी नहीं लगाया एसी
लू के मरीजों का उपचार करने के लिए नागरिक अस्पताल की ओर से ट्रामा सेंटर के पहले तल पर एक कमरा बनाया गया है। जिसमें गाइडलाइन के अनुसार इस कमरे में मरीजों के लिए एसी की व्यवस्था होनी चाहिए थी। जबकि यहां पर सिर्फ कूलर ही लगाया गया है। ऐसे में लू लगने से बीमार हुए मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ेगा।
लू से मरीज को होता है बुखार
अक्सर ही गर्मी बढ़ने से लू की चपेट में आने वाले मरीजों को 104 डिग्री तक बुखार हो जाता है। ऐसे में मरीज को ठंडे वातावरण की बहुत जरूरत होती है। इसलिए सबसे पहले मरीज को ठंडी पट्टियों से उपचार दिया जाता है। इसके साथ ही उसे एसी के वातावरण में रखा जाता है।
वर्जन
नागरिक अस्पताल सहित सभी स्वास्थ्य केंद्रों से एक सप्ताह के भीतर रिपोर्ट मांगी है। अगर रिपोर्ट में संतुष्टिपूर्ण जवाब नहीं मिला तो विभाग अपने स्तर पर कार्रवाई करेगा।
-डाॅ. सुखप्रीत सिंह, नोडल अधिकारी, जलवायु परिवर्तन और मानव स्वास्थ्य, अंबाला।