- निपुण दक्षता के आधार पर किया जाएगा विद्यार्थियों का आकलन
संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला। शिक्षा निदेशालय ने सत्र 2025-26 के लिए बालवाटिका-तृतीय से लेकर पांचवीं तक की वार्षिक परीक्षाओं की समय-सारणी घोषित कर दी है। ये परीक्षाएं 16 से शुरू होकर 25 मार्च तक चलेंगी। निदेशालय की ओर से जारी आदेशों के अनुसार, बालवाटिका-तृतीय से लेकर तीसरी तक के विद्यार्थियों का आकलन निपुण दक्षताओं के आधार पर किया जाएगा, वहीं, चौथी और पांचवीं के विद्यार्थियों के लिए प्रश्न पत्र राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (एससीईआरटी) द्वारा तैयार किए जाएंगे।
परीक्षा की प्रमुख तिथियां
बालवाटिका-तृतीय के तहत गतिविधियां 16 और 17 मार्च को आयोजित की जाएंगी। कक्षा 1 से 3 के लिए लिखित और मौखिक दोनों तरह की परीक्षाएं होंगी। 16 मार्च को पहली का अंग्रेजी, दूसरी का गणित और तीसरी का हिंदी का लिखित पेपर होगा। कक्षा 4 और 5 की परीक्षाएं 18 मार्च से शुरू होंगी। 18 तारीख को चौथी का गणित और पांचवीं का अंग्रेजी का पेपर होगा। विद्यार्थियों की बेहतर तैयारी के लिए विभाग ने सैंपल पेपर का लिंक भी साझा किया है, जो निपुण एप और एससीईआरटी की वेबसाइट पर भी उपलब्ध हैं। इसके अलावा, जिन बच्चों को पढ़ाई में कठिनाई आ रही है, उनके लिए स्कूलों में जीरो पीरियड के दौरान उपचारात्मक शिक्षण देने के निर्देश दिए गए हैं।
तीसरी कक्षा के लिए विशेष अध्ययन
मार्च महीने में ही कक्षा तीसरी के विद्यार्थियों के लिए फाउंडेशनल लर्निंग स्टडी (एफएलएस) का भी आयोजन किया जाएगा। शिक्षकों को निर्देश दिए गए हैं कि वे सैंपल पेपर के माध्यम से बच्चों को इस विशेष अध्ययन के लिए तैयार करें।
वर्जन
शिक्षकों को निर्देश दिए गए हैं कि वो सैंपल पेपरों के माध्यम से बच्चों को जानकारी दें ताकि वो परीक्षाओं में उत्तीर्ण हो सकें।
- सुधीर कालाड़ा, जिला शिक्षा अधिकारी, अंबाला