अंबाला सिटी। उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अजय सिंह तोमर ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम जारी कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि मुख्य निर्वाचन अधिकारी हरियाणा के निर्देशानुसार विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत पात्रता तिथि 1 जुलाई निर्धारित की गई है तथा 5 जून से 14 जून तक तैयारियां, प्रशिक्षण एवं मुद्रण कार्य किया जाएगा।
इसके उपरांत 15 जून से 14 जुलाई तक बीएलओ द्वारा मतदाताओं के घर-घर जाकर सत्यापन का कार्य किया जाएगा तथा सभी मतदाता बूथ लेवल अधिकारी द्वारा घर घर बांटे गए ईनुमरेशन फॉर्म को दिनांक 14 जुलाई से पूर्व बूथ लेवल अधिकारी को हस्ताक्षर करके वापस जमा करवाएंगे । इसके साथ-साथ मतदान केंद्रों का रेशनलाईजेशन कार्य 14 जुलाई तक पूरा किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि कार्यक्रम के अनुसार मतदाता सूची के ड्राफट का प्रकाशन 21 जुलाई को किया जाएगा। इसके बाद दावे एवं आपत्तियां दर्ज करवाने की अवधि 21 जुलाई से 20 अगस्त तक निर्धारित की गई है। वहीं दावों एवं आपत्तियों के निपटान की प्रक्रिया 21 जुलाई से 18 सितंबर तक चलेगी। अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 22 सितंबर को किया जाएगा। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त अजय सिंह तोमर ने सभी पात्र नागरिकों से अपील की है कि वे विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के दौरान अपने नाम, पता एवं अन्य विवरणों का सत्यापन अवश्य करवाएं तथा किसी प्रकार की त्रुटि होने पर निर्धारित अवधि के दौरान दावा एवं आपत्ति प्रस्तुत करें, ताकि मतदाता सूची को अधिक शुद्ध एवं अद्यतन (अपडेटेड) बनाया जा सके। संवाद