अंबाला। अंबाला एसटीएफ ने बीते रोज करनाल के सेक्टर-32, 33 क्षेत्र से चार तमंचे और कारतूस संग एक को काबू किया। धरे गए आरोपी की पहचान करनाल के जाम्बा गांव निवासी आशीर्ष उर्फ टोबो के रूप में हुई है, जो अंकुश कमालपुर गैंग का गुर्गा बताया जा रहा है। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है कि आखिर वह असलहे कहां से लेकर आया था और किसे देना था।
एसटीएफ पुलिस अधीक्षक वसीम अकरम और उप पुलिस अधीक्षक अमन के निर्देशानुसार, मोस्ट वांटेड अपराधियों की तलाश में एसटीएफ की टीम करनाल के सेक्टर- 32, 33 में थी। उसी समय सूचना मिली कि अंकुश कमालपुर गैंग का गुर्गा अवैध हथियारों के साथ किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में घूम रहा है। इसके बाद टीम ने दबिश देकर आरोपी को काबू किया। एसटीएफ की टीम में करनाल से राजन, बलवान सिंह, जींद से पुरुषोत्तम, यमुनानगर से कुलदीप,अंबाला से राहुल और रविंदर शामिल रहे। आरोपी के खिलाफ करनाल के सेक्टर-32-33 में आर्म्स एक्ट के तहत शुक्रवार को मामला दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी से पूछताछ की जा रही है कि आखिर वह हथियार कहां से लाया और वह किस वारदात को अंजाम देने की फिराक में था। बता दें कि अंकुश कमालपुर गैंग के सदस्यों पर हत्या, फिरौती सहित कई संज्ञेय मामले दर्ज हैं, हालांकि धरे गए आरोपी आशीष के खिलाफ पहले कोई मामला सामने नहीं आया है।
-