ओवर लोडिंग भ्रष्टाचार की मां है, इससे भ्रष्टाचार पैदा होता है। इससे कई लोगों की कोठियां व महल बन गए हैं और समुंदर में जहाज खड़े हो गए। यह बुराई की जड़ है और इसे हम खत्म करेंगे। हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने ओवरलोडिड वाहनों पर सख्ती दिखाते हुए पत्रकारों से बातचीत के दौरान यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि ओवरलोडिंग को किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्हें 152-डी हाईवे पर लोगों द्वारा ओवर लोडिंग की शिकायत मिली थी। हम इसका इंतजाम कर रहे हैं और एक इलेक्ट्रानिक गैजेट बना रहे हैं जो हर गाड़ी पर लगी होगी। इससे गाड़ी में कितना वजन है, वो देखा जा सकेगा।
गौरतलब है कि जयपुर से अंबाला लौटते समय नांगल चौधरी टोल प्लाजा पर परिवहन मंत्री अनिल विज को लोगों ने ओवरलोडिंग वाहनों की शिकायत दी थी। इस शिकायत पर त्वरित कार्रवाई करते हुए परिवहन मंत्री ने संबंधित आरटीए को फोन लगाते हुए कड़ी फटकार लगाई और ओवरलोडिंग वाहनों के खिलाफ कार्रवाई के सख्त निर्देश दिए थे। उन्होंने कहा कि इस समस्या को पूरी तरह से खत्म करने के लिए हरियाणा सरकार पूरी तरह से प्रतिबद्ध है।
मुख्यमंत्री लें संज्ञान
राज्यसभा सांसद किरण चौधरी का फोन एक अधिकारी द्वारा नहीं उठाने के मामले में कैबिनेट मंत्री अनिल विज ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री को इस पर संज्ञान लेना चाहिए। अधिकारियों का यह रवैया ठीक नहीं है, उन्हें जन प्रतिनिधियों के और आम जनता के फोन जरूर उठाने चाहिए।