मंत्री अनिल विज ने पाकिस्तान की अर्थव्यवस्था को लेकर कटाक्ष किया है। इसके अलावा मंत्री ने कांग्रेस पर भी हमला बोला है। उन्होंने कहा मोदी सरकार में देश की तरक्की देखकर कांग्रेस को तकलीफ हो रही है। डिटेल में पढ़ें खबर...
ऊर्जा परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने बुधवार को एक बार फिर से पाकिस्तान की अर्थव्यवस्था पर कटाक्ष किया। पाकिस्तान के द्वारा अंतरराष्ट्रीय बैंकों से करीब 41 हजार करोड़ रुपये का कर्ज लेने की तैयारी पर तंज कसते हुए विज ने कहा कि पाकिस्तान ने तो बिकना ही है। अब कौन-कौन खरीदार मैदान में है वो देखने की बात है, क्योंकि पाकिस्तान बिकने की कगार पर है।
विज्ञापन
"गृह युद्ध की कगार पर पाकिस्तान"
मंत्री अनिल विज ने कहा पाकिस्तान में महंगाई कई गुणा ज्यादा बढ़ गई है। रोजमर्रा की चीजें जैसे आलू, आटा, दाल, चावल महंगा हो गया है। पाकिस्तान इस समय गृह युद्ध के कगार पर है। सिंध व बलूचिस्तान के लोग पाकिस्तान से अलग होना चाहते हैं। मुझे नहीं लगता पाकिस्तान उन्हें अपने साथ रख पाएंगा।
"कांग्रेस को मोदी सरकार की उपलब्धि से तकलीफ"
इसके अलावा मंत्री अनिल विज ने कांग्रेस पर भी हमला बोला। उन्होंने कहा कांग्रेस ने देशभर के अपने पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ बैठक बुलाई है जिसमें मोदी सरकार को घेरने के लिए काम किया जाएगा। इस पर अनिल विज ने कहा कांग्रेस तकलीफ है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अगुवाई में देश ने इतने कम समय में बड़ी उपलब्धि हासिल की है। भारत ने ऑपरेशन सिंदूर के तहत पाकिस्तान के नौ उग्रवादी ठिकाने तहस-नहस किए। अब ये कांग्रेस को सहन नहीं हो रहा।