अंबाला का वैभव अरोड़ा की अभिनेता शाहरूख खान के साथ की फाइल फोटो: सोशल मीडिया
अंबाला। आईपीएल के 18वें सीजन यानी 2024 में स्विंग गेंदबाज अंबाला छावनी निवासी 26 वर्षीय वैभव अरोड़ा पर जमकर धनवर्षा हुई है। पिछले दो साल से कोलकाता नाइट राइडर्स यानी केकेआर की टीम वैभव को 60-60 लाख रुपये में खिला रहे थे, उसी टीम ने वैभव को छोड़ने के बाद दोबारा बोली में एक करोड़ 80 लाख रुपये में खरीदा है। जबकि अभी तक वैभव अरोड़ा को आईपीएल 2022 में पंजाब किंग्स इलेवन ने सबसे ज्यादा राशि दो करोड़ में खरीदा था।
दरअसल, वैभव की आईपीएल में पहली एंट्री 2021 में हुई थी। उस समय कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) ने ही 20 लाख में खरीदा था। वैभव का जन्म साल 1997 में अंबाला में हुआ था और वह 14 साल की उम्र से ही क्रिकेट खेल रहा है। हालांकि वह हिमाचल की तरफ से खेलता है।
बोली न होने तक परिजन में थी टेंशन
वैभव अरोड़ा के छोटे भाई नमन ने बताया कि पिछले साल केकेआर की टीम ने वैभव को रिटेन कर लिया था लेकिन अबकी बार वैभव को टीम ने छोड़ दिया है। इसलिए वैभव बोली का हिस्सा बने थे। आखिरी तक परिजनों में टेंशन थी कि इस सीजन में कौन सी टीम खरीदेगी लेकिन केकेआर ने ही विश्वास दिखाते हुए बोली में वैभव अरोड़ा की एक करोड़ 80 हजार में बोली लगाई। यह देखते परिजन भी खुशी से झूम उठे थे।
बता दें कि रिटेन का मतलब होता है कि कोई टीम अपने खिलाड़ियों को छोड़ती नहीं है और उन्हें सीधा ही टीम का हिस्सा बना लेती है। बोली उन खिलाड़ियों को लगती है तो टीम का हिस्सा न रहकर ओपन होते हैं, जिन्हें कोई भी खरीद सकता है।