माई सिटी रिपोर्टर
अंबाला सिटी। दीपावली से पहले ही अंबाला की हवा लोगों के लिए परेशानी का कारण बनने लगी है। शहर में पिछले एक सप्ताह से वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 250 से अधिक बना हुआ है। शुक्रवार को भी एक्यूआई 270 दर्ज किया गया। सुबह के समय प्रदूषण का स्तर 250 के पार पहुंच रहा है, जबकि दोपहर तक यह 300 तक जा रहा है। हवा में पीएम 2.5 की अधिक मात्रा लोगों के स्वास्थ्य के लिए चिंता बढ़ा रही है।
त्योहार से पहले प्रदूषण का स्तर लगातार बढ़ने के बावजूद शहर में इसे नियंत्रित करने के लिए विशेष इंतजाम नजर नहीं आ रहे हैं। नगर निगम के पास स्मॉग गन तक उपलब्ध नहीं है। पिछले एक सप्ताह से शहर में सुबह 9 बजे तक एक्यूआई 250 के आसपास पहुंच रहा है। दोपहर में यह बढ़कर 300 तक हो जाता है। औसत एक्यूआई 270 दर्ज किया जा रहा है। ऐसे में सुबह और शाम के समय बाहर निकलने वाले लोगों को प्रदूषित हवा का सामना करना पड़ रहा है। सरकार की ओर से एनसीआर क्षेत्रों के लिए दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं, लेकिन एनसीआर से बाहर स्थित अंबाला में अभी तक कोई विशेष एडवाइजरी जारी नहीं हुई है।
-
वाहनों के धुएं और धूल से बढ़ रहे सूक्ष्म कण
पीएम 2.5 के बढ़ने के पीछे वाहनों से निकलने वाला धुआं, औद्योगिक उत्सर्जन, निर्माण कार्यों से उड़ने वाली धूल और कचरा जलाना प्रमुख कारण हैं। पेट्रोल-डीजल वाहनों से निकलने वाले सूक्ष्म कण हवा में प्रदूषण बढ़ाते हैं। वहीं फैक्ट्रियों, ईंट-भट्ठों और निर्माण स्थलों से निकलने वाली धूल भी वायु गुणवत्ता को प्रभावित करती है।
हवा की गति धीमी होने से जमीन के पास फंस रहे प्रदूषक
प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के क्षेत्रीय अधिकारी नितिन मेहता ने बताया कि सर्दियों में तापमान गिरने और हवा की गति धीमी होने के कारण प्रदूषक कण ऊपरी वायुमंडल में नहीं जा पाते और जमीन के पास जमा हो जाते हैं। इससे धुंध और प्रदूषण बढ़ता है। क्षेत्र में पराली जलाने के मामले फिलहाल न के बराबर हैं। केवल दो-तीन मामले सामने आए हैं। विभाग की ओर से प्रदूषण की लगातार मॉनीटरिंग की जा रही है।
वर्जन
सभी निकायों को सुबह कचरा उठाते समय उसे ढककर डंपिंग स्थल तक ले जाने के निर्देश दिए गए हैं। पटियाला रोड के पास रोजाना कचरा जलाने वाले व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई की गई है। उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ने पर स्मॉग गन भी मंगवाई जाएगी। लोगों से कचरा नहीं जलाने की अपील की गई है। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
- वीरेंद्र सहरावत, नगर निगम आयुक्त, अंबाला