हरियाणा के अंबाला में शहजादपुर थाना क्षेत्र स्थित मुकंदपुर गांव के निकट एक तेज रफ्तार टिपर ने बाइक सवार तीन युवकों को अपनी चपेट में ले लिया। यह हादसा शाम करीब पौने सात बजे हुआ। इसमें सादकपुर गांव के 25 वर्षीय मैंगा राम और 23 वर्षीय विशाल की मौत हो गई। जबकि गांव का ही एक व्यक्ति 23 वर्षीय रजनीश गंभीर रूप से घायल हो गया।
विज्ञापन
रजनीश को नजदीकी अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने पीजीआई रेफर कर दिया। बताया जाता है कि तीनों युवक अविवाहित थे और मजदूरी करते थे। उधर, स्थानीय लोगों ने पुलिस के मौके पर न आने पर हंगामा किया और जाम लगा दिया। ग्रामीणों का आरोप था कि हादसे के करीब एक घंटे तक पुलिस नहीं पहुंची और डायल 112 के भी फोन करने पर नहीं आई।
गुस्साए ग्रामीण कार्रवाई की मांग पर मुख्य मार्ग पर ही जमा हो गए। देखते ही देखते भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा और परिजनों को समझाने के प्रयास में जुट गई। रात करीब 10 बजकर 14 मिनट तक ग्रामीण मुख्य मार्ग की एक लेन पर बैठे हुए थे और पुलिस द्वारा दूसरी तरफ से रूट डायवर्ट किया जा रहा था। जबकि हादसे के बाद टिपर चालक मौके से फरार है।