रेलवे ने एक साल से बंद अंबाला-श्रीगंगानगर इंटरसिटी एक्सप्रेस चलाने का फैसला किया है। इस संबंध में गुरुवार आदेश जारी किए हैं। ट्रेन का परिचालन दोनों दिशाओं में 16 मार्च से किया जाएगा। सिर्फ कंफर्म टिकट यात्रियों को ही ट्रेन में सफर करने की अनुमति होगी।
अंबाला मंडल वरिष्ठ वाणिज्य प्रबंधक हरि मोहन ने बताया कि रेलवे बोर्ड के आदेशानुसार यात्री ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है। मौजूदा समय में लगभग 53 जोड़ी ट्रेनों का संचालन हो रहा है। इसमें दैनिक यात्रियों के लिए अनारक्षित अंबाला-लुधियाना और सहारनपुर-ऊना हिमाचल का संचालन भी किया जा रहा है। यात्री सुविधाओं में बढ़ोतरी करते हुए अब अंबाला-श्रीगंगानगर इंटरसिटी का संचालन किया जाएगा।
ट्रेन को स्पेशल नंबर के आधार पर चलाया जाएगा। अंबाला छावनी से चलने वाली ट्रेन नंबर 04525 रोजाना सुबह 5.05 बजे रवाना होकर दोपहर 12.05 पर श्रीगंगानगर पहुुंचेगी। वापसी में ट्रेन नंबर 04526 श्री गंगानगर से दोपहर 2 बजे रवाना होकर रात 9.10 बजे छावनी जंक्शन पहुंचेगी। ट्रेन बीच रास्ते अंबाला शहर, राजपुरा, पटियाला, नाभा, धूरी, बरनाला, तपा, रामपुरा फूल, बठिंडा कैंट, बठिंडा जंक्शन, गिदड़बाहा, मलोट व अबोहर दोनों दिशाओं में ठहरेगी।