कॉफी में नशीला पदार्थ मिलाकर रिसेप्शनिस्ट से दुराचार का मामला सामने आया है। पीड़िता द्वारा दी गई शिकायत में बताया गया कि पीड़िता व उसका पति पहले एक अस्पताल में कैंटीन चलाते थे, लेकिन काम कम होने के कारण डॉक्टर ने उसे रिसेप्शनिस्ट एवं डाटा ऑपरेटर रख लिया। एक दिन रात के समय ड्यूटी पर बुलाकर डाक्टर ने उसे कॉफी पिलाकर बेहोश कर उसके साथ गलत काम किया। उसके बाद उसने बनाई अश्लील वीडियो से उसे ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। परेशान होकर पीड़िता ने महिला थाने में शिकायत देकर कानूनी कार्रवाई की मांग की। मामले की जांच जारी है।
जानकारी के अनुसार मामला 2017 से शुरू हुआ। पीड़िता व उसके पति ने एक अस्पताल में कैंटीन के लिए आवेदन किया तो डॉक्टर ने हामी भर दी। मरीज कम होने के कारण कैंटीन में काम कम चला तो उसे रिसेप्शनिस्ट रख लिया। शिकायत के अनुसार ब्लैकमेलिंग करके आरोपी उसे अंबाला के अलावा बाहर के भी कई होटलों में ले गया। वहां उसकी मर्जी के खिलाफ गलत काम करता रहा। पीड़िता को धमकी दी कि किसी को बताया तो वह उसे व परिवार को मरवा देगा। महिला थाना प्रभारी एसआई दविंद्र कौर के अनुसार शिकायत की जांच जारी है। वास्तविकता के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।