अंबाला सिटी। सिटी के सेक्टर दस की निवासी अंकिता शर्मा ने बीईआईटी प्रथम वर्ष की परीक्षा में पंजाब यूनिवर्सिटी में तीसरा स्थान प्राप्त किया है। इस परीक्षा में अंकिता का सीजीपीए 8.2 प्वाइंट प्राप्त कर यूनिवर्सिटी के टॉप फाइव स्टूडेंट में अपना तीसरा स्थान हासिल किया। पहले और दूसरे स्थान पर रहने वाले छात्रों से अंकिता बहुत ही कम मार्जिन से पीछे हैं। जिसका अंकिता को खासा मलाल है।
इसी उपलब्धि पर शुक्रवार को चंडीगढ़ स्थित पंजाब यूनिवर्सिटी में आयोजित एक कार्यक्रम में पीयू की ओर से बीईआईटी की परीक्षा में टॉप फाइव स्टूडेंट्स को ‘सर्टिफिकेट ऑफ अकादमिक एक्सीलेंस’ से नवाजा गया। इस पुरस्कार को पाने के बाद जहां अंकिता शर्मा खासी उत्साहित है, वहीं उनके पिता प्राचार्य अनिल शर्मा और माता नीरू शर्मा भी फूले नहीं समा रहे हैं।
गूगल का हिस्सा बनना चाहती है अंकिता
अंकिता शर्मा ने बताया कि आईटी क्षेत्र उसने इसलिए पकड़ा है, ताकि वह तकनीकी शिक्षा से देश के विकास में भागेदारी दे सके। अंकिता का कहना है कि वे दुनिया की सबसे बड़ी आईटी कंपनी ‘गूगल’ या ‘माइक्रोसाफ्ट’ से जुड़ना चाहती है। उसने कालेज की एक वेबसाइट भी तैयार की है, जिसके आधार पर उसे दिल्ली की आईटी क्षेत्र की एक मल्टीनेशनल कंपनी ने पहले ही शैक्षणिक वर्ष में इंटर्नशिप का ऑफर दिया है और वह इसे कर रही है। जबकि इंटर्नशिप हमेशा फाइनल ईयर में ही होती है। अंकिता अपनी उपलब्धि का श्रेय अपनी माता व पिता को देती है। अंकिता के पिता अनिल शर्मा राजकीय स्कूल प्रेम नगर के प्राचार्य हैं। माता नीरू शर्मा गृहिणी हैं। इसके बाद व भगवान को भी थैंक्स करती है।
बेटियों पर नाज है हमें
प्राचार्य अनिल शर्मा और उनकी पत्नी नीरू शर्मा कहती हैं उनकी दो ही बेटियां है अंकिता और प्रियंका शर्मा। उनके अनुसार उनकी बेटियाें पर उन्हें बहुत नाज है। ये बेटियां बेटों से कम नहीं है। उनके अनुसार उनकी बड़ी बेटी प्रियंका भी कंप्यूटर साइंस में मास्टर है और शुक्रवार को उनकी छोटी बेटी अंकिता ने भी पीयू में बीईआईटी में तीसरा स्थान पाकर उनका मान और बढ़ाया है। उन्होंने आह्वान किया कि आज हर इंसान को बेटों और बेटियों में फर्क किए बिना बच्चों को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करना चाहिए।