हाई अलर्ट के बीच अंबाला से 70 किलोमीटर दूर वायु सेना द्वारा शुक्रवार को ड्रोन ट्रेस करने के बाद सायरन बजे थे। वायु सेना के अधिकारियों ने जिला प्रशासन को बताया था कि ड्रोन अंबाला की तरफ आ सकता है। उपायुक्त अजय सिंह ने बताया कि 10 बजकर 20 मिनट पर ड्रोन आने की सूचना के कारण पर सायरन बजाए गए थे। बाद में सैन्य अधिकारियों से सूचना मिली थी कि ड्रोन अंबाला की तरफ नहीं आएगा, इसके बाद सायरन बंद किये गये।
उपायुक्त ने बताया कि सेना के साथ जिला प्रशासन हॉटलाइन से जुड़े हुए है। साथ ही बताया कि ड्रोन को मार गिराने का आदेश है। जो भी उड़ाता पाएगा तो नेशनल सिक्योरिटी एक्ट के तहत धारा लगाई जाएगी। आम जनता से अपील करते हुए कहा कि महेश नगर, धुलकोट, सिटी के बलदेव नगर के पास कोई ड्रोन उड़ाता है तो उसकी वीडियो बनाकर शेयर करें। अलर्ट को देखते हुए अंबाला - सिटी में अभी 12 सायरन लगा दिए गए है और शाम तक 19 कर दिए जाएंगे। वहीं कहा कि ब्लैक आउट के दौरान कार चालक भी अपने वाहन को लाइट बंद कर साइड में खड़ा करें।
दोपहर करीब 2 बजे हुआ था धमाका, खिड़कियां हिली, घरों से बाहर निकले लोग
शुकवार दोपहर धमाके की आवाज से लोग सहम गए। उपायुक्त अजय सिंह ने बताया कि विमान के साउंड बैरियर के कारण सॉनिक बूम उत्पन्न हुआ था। वहीं सॉनिक बूम से धमाका इतना जोरदार का था कि कुछ दूरी तक घरों एवं भवनों की खिड़कियां हिल गईं। घबराए लोग घरों से बाहर निकल आए थे।
क्या होता है सोनिक बूम
सोनिक बूम एक ऐसी ध्वनि है जो शॉक वेव से जुड़ी होती है जो तब पैदा होती है जब कोई वस्तु ध्वनि की गति से अधिक तेज़ गति से हवा में यात्रा करती है । सोनिक बूम भारी मात्रा में ध्वनि ऊर्जा उत्पन्न करते हैं, जो मानव कान को विस्फोट या गड़गड़ाहट जैसी लगती है।