अंबाला के मटेहड़ी शेखां गांव में बाइक सवार तीन बदमाशों ने व्यापारी पर तलवार व रॉड से हमला कर लूटपाट की वारदात को अंजाम दिया था। गिरफ्तारी की मांग पर अड़े दुकानदार धरने पर बैठ गए है। दुकानदारों का कहना है कि जब तक गिरफ्तारी नहीं हो जाती है, तब तक उनका धरना जारी रहेगा।
अंबाला सिटी के मटेहड़ी शेखां गांव में व्यापारी गगन नरूला पर तलवारों से हमला कर लैपटॉप व ढाई लाख लूट मामले में एक सप्ताह बाद भी कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है। इसके विरोध में शुक्रवार को इलाके के दर्जनों दुकानदार धरने पर बैठ गए है। पहले तो एकजुट होकर पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और गांव के मुख्य चौक पर ही जाम लगाने का प्रयास किया गया।
विज्ञापन
उसी समय पुलिस ने मौके पर पहुंचकर उन्हें समझाया। बावजूद गिरफ्तारी की मांग पर अड़े दुकानदार धरने पर बैठ गए है। दुकानदारों का कहना है कि जब तक गिरफ्तारी नहीं हो जाती है, तब तक उनका धरना जारी रहेगा। उधर, नग्गल थाना प्रभारी ऋषिपाल ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चार टीमों का गठन किया गया है और जल्द ही उन्हें काबू कर लिया जाएगा।
यह था पूरा मामला
बता दें कि 2 मई की रात को मटेहड़ी शेखां गांव में बाइक सवार तीन बदमाशों ने व्यापारी पर तलवार व रॉड से हमला कर लूटपाट की वारदात को अंजाम दिया था। बदमाश पहले से ही रेकी कर रहे थे, जैसे ही दुकानदार मटेहड़ी शेखां गांव निवासी गगन नरूला आया तो जानलेवा हमला कर दिया ओर लैपटॉप, ढाई लाख की नगदी ले उड़े थे। यह पूरी वारदात सीसीटीवी फुटेज में कैद हो गई। उस समय एएसपी सृष्टि गुप्ता व जांच टीम मौके पर पहुंची थी। घायल के शरीर पर करीब 9 जगह घाव आए थे।