अंबाला। बर्फानी वाले बाबा के दर्शन के लिए 25 जुलाई से शुरू होने वाली अमरनाथ यात्रा के लिए ऑफलाइन पंजीकरण आज से शुरू हो जाएंगे। इसके लिए जिलाभर के करीब 400 भक्तों ने पहले ही नागरिक अस्पतालों में पहुंचकर अपने मेडिकल करा लिए हैं।
कैंट और सिटी नागरिक अस्पताल में फिजिशियन की ओपीडी में नजर मारें तो 5 प्रतिशत महिलाओं व पुरुषों में शुगर, अस्थमा व बीपी की परेशानी पाई जा रही है। हैरानी की बात यह है कि यह सभी नए मरीज है और अपनी इन बीमारियों से भी अंजान है। हालांकि सभी मरीजों की बीमारियों की यह शुरुआती स्टेज है। इसलिए डॉक्टर मरीजों का काउंसिलिंग कर उनका उपचार भी शुरू कर रहे हैं। साथ ही उनकी दवा देकर टेस्ट रिपोर्ट सामान्य आने पर ही यात्रा पर जाने की सलाह दे रहे हैं, जिससे कि कोई परेशानी न हो।
बिगड़ा खानपान तो किसी को जेनेटिक बीमारी
फिजिशियन डॉ. मनोज मंगला ने बताया कि मरीजों की काउंसिलिंग की जाती है तो अधिकतर मरीजों का बिगड़ा खानपान बीमारी का कारण बनकर सामने आया है तो कुछ मरीज में जेनेटिक बीमारी पाई गई है। मरीजों को पता जा रहा है कि दवाओं को समय पर शुरू कर दिया जाए तो जल्द सुधार हो सकता है। साथ ही डॉक्टर मरीजों को पौष्टिक आहार के साथ-साथ नियमित तौर पर व्यायाम व सैर करने की भी सलाह दे रहे हैं ताकि दवा के साथ-साथ मरीजों का लाइफ स्टाइल भी बदल सके। साथ ही 40 साल से अधिक आयु के मरीजों को समय-समय पर अपने स्वास्थ्य की जांच करने की भी सलाह दी जा रही है।
शुभम बोले- नहीं सोचा था शुगर होगी
अंबाला कैंट निवासी 35 वर्षीय शुभम ने बताया कि अमरनाथ यात्रा पर वह पहली बार जा रहे हैं। ओपीडी में आकर पता चला कि शुगर की बीमारी है हालांकि यह शुरुआती स्टेज पर है। कभी सोचा नहीं था कि शुगर होगी। दवाइयां शुरू कर दी है। शुगर कंट्रोल करने के बाद भी यात्रा पर जाएंगे।
पंजीकरण के लिए आज खुलेगा जेएंडके बैंक
अमरनाथ यात्रा के पंजीकरण ऑफ व ऑनलाइन 14 अप्रैल से शुरू हो गए है लेकिन सोमवार की छुट्टी होने के कारण ऑफलाइन पंजीकरण नहीं हुए। अंबाला कैंट में निकलसन रोड स्थित जेएंडके बैंक मंगलवार को खुलेगा। मेडिकल करवाने के बाद पंजीकरण का इंतजार कर रहे भक्त भारी संख्या में पहुंचेंगे ताकि वह पहले जत्थे में रवाना होकर जल्द से जल्द दर्शन कर सके।