अंबाला। बाबा बर्फानी के दर्शनों की चाह में शिव भक्तों का उत्साह चरम पर है। अमरनाथ यात्रा के लिए पंजीकरण (रजिस्ट्रेशन) प्रक्रिया शुरू होते ही जेएंडके बैंक व भारतीय स्टेट बैंकों के बाहर भक्तों का हजूम उमड़ पड़ा है।
बैंक में यात्रा का रजिस्ट्रेशन करने का समय दोपहर 3 से 5 बजे तक रखा गया था। आलम यह था कि बैंक खुलने के निर्धारित समय से घंटों पहले ही लोग कतारों में लग गए थे।
बाहर ही दुकानों के थड़ों पर बैठकर लाइन में लगे नजर आए। दोपहर बाद रजिस्ट्रेशन शुरू होने के बाद भक्तों के बीच खूब धक्का मुक्का होती नजर आई।
बैंकों में पैर रखने की जगह नहीं, सर्वर डाउन होने पर जताया रोष : अंबाला कैंट के निकलसन रोड स्थित जेएंडके बैंक के बाहर दोपहर 3 बजते ही भक्तों की भीड़ उमड़ पड़ी। पहले रजिस्ट्रेशन करवाने के लिए भक्त बैंक भी भीतर जाने के लिए कड़ी मशक्कत करते हुए दिखाई दिए। यहां तक कि भक्तों के लिए मामूली सी धक्का मुक्की भी हुई। सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए सिक्योरिटी गार्ड व पुलिस की मदद लेनी पड़ी। वहीं बैंक का सर्वर धीमा होने पर भी भक्तों ने रोष जताया।
मेडिकल के लिए नागरिक अस्पताल में भारी भीड़ : पंजीकरण के लिए अनिवार्य स्वास्थ्य प्रमाणपत्र बनवाने के लिए कैंट व सिटी के नागरिक अस्पताल में भी भारी भीड़ जुट रही है। बुधवार को करीब 100 भक्त फिटनेस सर्टिफिकेट लेने पहुंचे।