अंबाला। सीआईए-2 की टीम ने 141 ग्राम हेरोइन तस्करी के मामले में संलिप्त दूसरे आरोपी सिमरनजीत सिंह को गिरफ्तार किया है। आरोपी को कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लिया गया है। 10 अप्रैल को सीआईए-2 प्रभारी रवि कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने अनाज मंडी गेट के पास से नलवी गांव निवासी बलजीत सिंह को पकड़ा था। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 141 ग्राम हेरोइन बरामद हुई थी। पूछताछ के दौरान बलजीत ने अपने साथी सिमरनजीत सिंह की संलिप्तता का खुलासा किया था। संवाद
घर में सेंधमारी करने वाले दो चोर गिरफ्तार, नकदी व लैपटॉप बरामद
नारायणगढ़। पुलिस ने दुर्गा कॉलोनी, काला आम्ब में एक घर में हुई चोरी के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। स्थानीय निवासी परशुराम ने 13 अप्रैल को घर से नकदी और लैपटॉप चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी। तकनीकी साक्ष्यों और गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने लखीमपुर खीरी, यूपी निवासी रिहान और काला आम्ब निवासी बलजीत उर्फ गोलू को काबू किया। आरोपियों के कब्जे से चोरीशुदा सामान, 10 हजार रुपये की नकदी और वारदात में प्रयुक्त बाइक बरामद की गई है। न्यायालय ने दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।
जमीन दिलाने के नाम पर ठगी करने वाला एक और आरोपी गिरफ्तार
अंबाला। पुलिस ने जमीन दिलाने के नाम पर लाखों की धोखाधड़ी करने के मामले में तीसरे आरोपी जितेंद्र को यमुनानगर के रादौर से गिरफ्तार किया है। शिकायतकर्ता प्रदीप कुमार ने आरोप लगाया था कि आरोपी जितेंद्र, छत्रपाल और उनके साथियों ने 2023 से 2024 के बीच जमीन का झांसा देकर उनसे भारी रकम ठगी थी। पुलिस अब तक इस मामले में कुल तीन गिरफ्तारियां कर चुकी है। आरोपी जितेंद्र को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।