वारहीरोज स्टेडियम का ऑल वैदर स्वीमिंग 22 जुलाई से आम जनता को समर्पित हो जाएगा। तैराकी के इच्छुक लोग 15 जुलाई यानी आज से अपना पंजीकरण सुबह से दोपहर तक स्टेडियम में डीएसओ कार्यालय में करवा सकेंगे। खेल विभाग की ओर से निर्धारित रेटों के अनुसार तैराकी करने वाले को 2200 रुपये प्रति माह तो विद्यार्थियों को 1500 रुपये और बीपीएल कार्ड धारकों को 500 प्रति माह देना होगा। ये जानकारी अंबाला तैराकी संघ के प्रधान राजेंद्र विज ने दी।
उन्होंने बताया कि जनता के लिए तरणताल खोलने के लिए उन्होंने गृहमंत्री, उपायुक्त और जिला खेल अधिकारी से कई बार बात की। गृहमंत्री अनिल विज के कहने पर इसे 22 जुलाई को आम जनता के लिए खोला जा रहा है। तैराक सुबह 5.30 से शाम 8.30 बजे तक अभ्यास कर सकेंगे। उन्होंने कहा कि आम जनता व स्कूलों के छात्र तैराकी करेंगे तो उसमें से भी बेहतरीन खिलाड़ी भी खेल विभाग को मिलेंगे, जो आगे चलकर अपनी शौक के चलते बेहतरीन खिलाड़ी बनकर अंबाला का नाम रोशन करेंगे।
------
खेलो इंडिया के बाद से था लोगों को इंतजार
स्वीमिंग पुल ओपन होने के बाद सीधा खेलो इंडिया गेम्स आयोजित की गई थी। उसके खत्म होने के बाद से लोगों को चिलचिलाती व उमस भरी गर्मी में पूल के शुरू होने का इंतजार था। यहीं कारण था कि लोग स्वीमिंग पूल शुरू होने का पता लगाने के लिए स्टेडियम के चक्कर काटते हुए नजर आते थे। पहले टेंडर की प्रक्रिया होनी थी लेकिन अब खेल विभाग को ही इसे चलाने की अनुमति मिल गई है।
----
म्यूजिक सिस्टम सहित 750 दर्शकों के बैठने की है व्यवस्था
ऑल वेदर पूल को भरने के लिए 24 लाख लीटर और वार्मर पूल भरने के लिए तीन लाख लीटर पानी की जरूरत है। एक बार पानी को भरकर इसे फिल्टर कर फिर इस्तेमाल किया जा सकता है। इसके अलावा पूल में साउंड सिस्टम, म्यूजिक सिस्टम, लिफ्ट और सोलर लाइट भी लगाई गई हैं। यहां लगभग 750 दर्शकों के बैठने की लिए कुर्सियों की व्यवस्था की गई है।