अंबाला। खेल विभाग जिले में चल रहे इंडोर खेल सेंटरों को जल्द ही एसी प्रदान किए जाएंगे। इससे इन केंद्रों में प्रशिक्षण लेने वाले खिलाड़ियों को राहत मिलेगी। अभी इन सेंटरों में केवल पंखे की ही सुविधा है।
जानकारी के अनुसार लंबे समय से इन इंडोर स्टेडियम में एसी लगाने की मांग की जा रही थी। इन इंडोर खेलों में फेंसिंग, जूडो, कुश्ती, बैडमिंटन, हॉल में चलने वाली महिला खिलाड़ियों का बॉक्सिंग रिंग आदि खेल शामिल हैं। इन प्रत्येक सेंटर पर 60 से 100 खिलाड़ी तक आते हैं। इन सेंट्रल एसी की खरीद करने के लिए विभाग ने मुख्यालय में फाइल चला दी है। अनुमति मिलते ही इन्हें लगाने का काम शुरू कर दिया जाएगा। कैंट के वार हीरोज स्टेडियम के होस्टल में ही कुश्ती, फेंसिंग के सेंटर चल रही है। फॉल्स सीलिंग होने के कारण इन सेंटरों में उमस रहती है। यहां तक कि सभी खिड़कियों को खोलकर तैयारी करवाई जाती है। कई बार खेलते समय खिलाड़ियों की तबीयत भी बिगड़ जाती है। खेल महानिदेशक संजीव वर्मा ने बुधवार को इन इंडोर सेंटर का जायजा लिया था।