अंबाला के शिक्ष सदन में बीईओ को निर्देश देते जिला शिक्षा अधिकारी। विभाग
- फोटो : संवाद
अंबाला। जिले के सरकारी स्कूलों में शिक्षा का स्तर सुधारने और बोर्ड परीक्षाओं में 100 फीसदी परिणाम के लिए जिला शिक्षा अधिकारी सुधीर कालड़ा ने कार्ययोजना बनाई है। इस रणनीति को लागू करने के लिए उन्होंने खंड शिक्षा अधिकारियों और क्लस्टर प्रमुखों संग बैठक की। सत्र 2025-26 में जिले के विद्यार्थियों ने बेहतरीन प्रदर्शन किया था। 160 छात्र-छात्राओं ने 90 फीसदी से अधिक अंक प्राप्त किए। अनहद कौर अंटाल ने 98.2 फीसदी अंक लेकर प्रदेश में टॉप किया। आगामी सत्र में कमजोर स्कूलों की विशेष निगरानी होगी तथा अतिरिक्त कक्षाएं लगाई जाएंगी।
कमजोर छात्रों पर विशेष ध्यान
डीईओ सुधीर कालड़ा ने साफ किया कि आगामी सत्र में कमजोर रहने वाले स्कूलों की विशेष निगरानी होगी। जहां शिक्षकों की कमी है, वहां स्थानीय स्तर पर तालमेल बिठाया जाएगा और अतिरिक्त कक्षाएं लगाई जाएंगी। इसके अलावा, ग्रीष्मावकाश के दौरान ही स्कूलों में मरम्मत, रंग-रोगन और साफ-सफाई के कार्य पूरे करने के निर्देश दिए गए हैं। स्कूल मुखियाओं को बिना अनुमति विद्यालय निधि से एक लाख रुपये तक खर्च करने की छूट दी गई है। 1 जुलाई को स्कूल खुलने से पहले परिसरों को चमकाया जाएगा और हर माह पानी की टंकियों की सफाई का बाकायदा रिकॉर्ड रखा जाएगा। बेहतरीन नवाचारों को शिक्षा विभाग की ई-पत्रिका निपुण पथ में भी जगह मिलेगी।