संवाद न्यूज एजेंसी
बराड़ा। गांव सीवनमाजरा के पास खेतों में फसल अवशेषों में आग लगाने का मामला तूल पकड़ गया है। गांव अलावलपुर निवासी किसान उत्तमचंद ने कृषि विभाग बराड़ा में कार्यरत एक कर्मचारी पर रंजिशन उसके खेतों में आग लगाने और फंसाने का आरोप लगाया है।
वहीं, कर्मचारी ने इन सभी आरोपों को निराधार बताया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। किसान उत्तमचंद ने बताया कि उसने सीवनमाजरा के पास करीब चार एकड़ जमीन ठेके पर ले रखी है, जिसमें धान की बिजाई की गई थी। अवशेषों से सुपरसीडर के जरिये गांठें बनाई जानी थीं।
उत्तम के अनुसार, बराड़ा मंडी में आढ़ती के पास फसल बेचने के बाद जब उसने पैसों के हिसाब की बात कही, तो आढ़ती के बेटे (जो कृषि विभाग बराड़ा में कार्यरत है) ने उसे गाली-गलौज और धमकी दी।
किसान का आरोप है कि कर्मचारी ने रंजिश में उसके खेतों में आग लगाई और उसका वीडियो बनाकर उसे फंसाने की कोशिश की। घटना के समय वह खेत में नहीं बल्कि सीवनमाजरा में एक अन्य व्यक्ति के पास मौजूद थे। इस दौरान पास ही काम कर रहे दूसरे किसान कंवलजीत सिंह ने उन्हें फोन कर सूचना दी कि कार में आए कुछ लोगों ने खेतों में आग लगाई है। सूचना मिलते ही उत्तम ने डायल 112 पर कॉल किया और बराड़ा चौकी में लिखित शिकायत दी।
पूर्व सरपंच जोगध्यान ने भी पुष्टि की है कि घटना के वक्त उत्तमचंद उनके पास ही बैठे थे। किसान ने सड़क किनारे शराब ठेके पर लगे सीसीटीवी कैमरे से जांच की मांग की है।