बलदेव नगर में एक बार फिर से स्नेचरों ने दिनदहाड़े एक महिला के गले से चेन झपट ली। महिला रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया के सहायक बैंक मैनेजर जगदीश सिंह की पत्नी है। इस वारदात के बाद लोगों में रोष है।
नगर परिषद के पूर्व चेयरमैन एवं कांग्रेस के प्रदेश सचिव हरीश सासन भी मौके पर पहुंचे और पुलिस कमिश्नर डॉ. आरसी मिश्रा को मोबाइल पर घटना की सूचना दी। पुलिस कमिश्नर ने उन्हें आश्वस्त किया कि बलदेव नगर में गश्त और ज्यादा बढ़ाई जाएगी और जल्द स्नेचर भी गिरफ्त कर लिए जाएंगे।
हरीश सासन नेे इलाका पुलिस को भी सूचना दी। उन्होंने कहा कि एक महीने में स्नेचिंग की ये पांचवीं वारदात है और एक बार तो गो तस्करों ने भी यहां सरेआम बैल को गाड़ी में लादकर चुराने की कोशिश की थी और जब एक व्यक्ति ने विरोध किया तो उसका सिर फोड़कर उसके घर पर हथियारों से हमला बोल दिया था। उन्होंने कहा कि इस तरह की गुंडागर्दी बलदेवनगर इलाके में बरदाश्त नहीं होगी। अगर इस तरह की घटनाएं नहीं रुकी तो उन्हें मजबूरन बलदेव नगर थाने व चौकी क बाहर धरना देना पड़ेगा। इलाकावासी सुधीर बख्शी, जितेंद्र पराशर, रमेश इत्यदि ने कहा कि इस घटना को लेकर लोगों में बहुत ज्यादा रोष है।
उधर, सहायक बैंक मैनेजर जगदीश ने बताया कि उनकी पत्नी अपनी बेटी के साथ अपनी दोहती की दवाई लेने गई थी। मां-बेटी और नातिन तीनों घर वापस आ रहे थे। तभी जैसे ही वे बलदेवनगर इलाके में स्थित सुभाष नगर कॉलोनी में अपने घर के पास पहुंचे तो बाइक सवार दो युवक गले से सोने की चेन झपटकर फरार हो गए। चेन की स्नेचरों की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।