देर रात को कालीपलटन पुल के नजदीक कैंटर ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को टक्कर मारी जिससे ट्रैक्टर चालक हाईवे पर गिर गया। इसके बाद कैंटर का पहिया युवक के सिर से गुजर गया। इससे युवक की मौके पर ही मौत हो गई। इस मामले में एक अन्य युवक भी घायल हो गया। लाल कुर्ती पुलिस ने मृतक के भाई की शिकायत पर तुरंत आरोपी कैंटर चालक को हिरासत में ले लिया है। लाल कुर्ती चौकी के एएसआई जयभगवान को दी शिकायत में सुलेश चंद ने बताया कि वह गांव कडेला, जिला शामली, यूपी के निवासी हैं। रविवार देर रात को वह अपने गांव से पंजाब स्थित होशियारपुर ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर जा रहे थे। इस ट्रैक्टर-ट्रॉली में दो रेहड़ियां, एक खच्चर व दो अन्य आदमी भी बैठे थे।
सुलेश ने बताया कि टैक्टर उसका भाई विनोद चला रहा था और वह अपने भाई के साथ वाली सीट पर बैठा था। जैसे ही वे अंबाला कैंट बस स्टैंड से कालीपलटन पुल के पास पहुंचे तो पीछे से आ रहे तेज रफ्तार कैंटर ने ट्रैक्टर ट्रॉली को टक्कर दे मारी। टक्कर लगने के बाद ट्रैक्टर चालक विनोद और उसका भाई सुलेश दोनों हाईवे पर जा गिरे। इसके बाद कैंटर का पहिया हाईवे पर गिरे विनोद के सिरे के उपर से गुजर गया। जिससे विनोद की मौके पर मौत हो गई, जबिक उसका भाई सुलेश घायल हो गया।