पटियाला/अंबाला। इंस्टाग्राम पर दोस्ती के बाद युवती को बहाने से होटल बुलाया और फिर उसे नशीली चाय पिलाने के बाद उसके साथ दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। थाना सन्नौर पुलिस ने मामले में पीड़िता की शिकायत के बाद आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। आरोपी अंबाला के गांव अमीपुर का रहने वाला बताया जा रहा है। उसकी पहचान दलबीर सिंह (25) के तौर पर हुई है, लेकिन फिलहाल गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। पुलिस के मुताबिक आरोपी की जल्द गिरफ्तारी कर ली जाएगी। पुलिस के मुताबिक पीड़ित युवती की आयु करीब 22 साल है।
पुलिस को दी शिकायत के मुताबिक करीब डेढ़ महीने पहले इंस्टाग्राम पर युवती की आरोपी दलबीर सिंह के साथ दोस्ती हुई थी। कई दिनों तक आपस में ऑनलाइन बातचीत करने के बाद आरोपी ने 19 फरवरी 2025 को युवती को मिलने के लिए पटियाला की पंजाबी यूनिवर्सिटी बुलाया, वहां से आरोपी उक्त युवती को अपनी गाड़ी में बिठाकर देवीगढ़ रोड पर एक होटल में ले गया। वहां धोखे से आरोपी ने उसे एक कमरे में ले जाकर नशीली चाय पिला दी। बाद में युवती के बेहोश हो जाने पर उसके साथ दुष्कर्म किया। जब युवती होश में आई, तो उसे होटल के बाहर छोड़कर खुद मौके से फरार हो गया। इसके बाद युवती पुलिस के पास पहुंची और आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। थाना सन्नौर पुलिस ने इसके आधार पर जिला अंबाला निवासी आरोपी युवक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। फिलहाल उसकी गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।