अंबाला सिटी। जिला कोर्ट परिसर में अधिवक्ताओं व लोगों की एंट्री के लिए मुख्य गेट का काम पूरा हो चुका है। अब इसका विधिवत शुभारंभ होना है। दो से तीन दिनों में मुख्य गेट को शुरू किया जा सकता है। इस गेट की शुरुआत होने के बाद बार एसोसिएशन परिसर को एक अलग पहचान मिलेगी। अभी तक कोर्ट परिसर में अस्थाई गेट था। इसके बाद मांग उठी तो बार पदाधिकारियों ने सरकार से गेट के निर्माण की मांग की थी। इसके बाद इसके निर्माण की स्वीकृति मिली थी। इसके बावजूद यह कार्य अटक रहा था। मौजूदा बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने इसके लिए प्रयास किया, जिसके बाद गेट का निर्माण पूरा हुआ।
दिसंबर में पूरा होगा पार्किंग का निर्माण
वहीं अधिवक्ताओं को पार्किंग को लेकर दिक्कत आ रही थी। इस संबंध में अधिवक्ताओं ने डीसी को ज्ञापन दिया इसके बाद उन्हें जमीन उपलब्ध करा दी गई। ऐसे में बार एसोसिएशन के नेतृत्व में जमीन पर पार्किंग के शेड आदि का कार्य भी कुछ समय पहले शुरू करा दिया गया था। बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों की मानें तो दिसंबर में यह कार्य भी पूरा हो जाएगा। ऐसे में अधिवक्ताओं को बाहर गाड़ी खड़ी करने की समस्या नहीं रहेगी। यहां पर करीब 200 गाड़ियां खड़ी की जा सकेंगी।
मुख्य गेट का काम पूरा हो चुका है। दो से तीन दिनों में अधिवक्ताओं और लोगों के लिए इस मुख्य मार्ग से प्रवेश खोल दिया जाएगा। इसके साथ ही दिसंबर में पार्किंग का कार्य भी पूरा हो जाएगा।-सतपाल सिंह, प्रेसीडेंट, जिला बार एसोसिएशन