अंबाला। छावनी बस स्टैंड का जल्द ही स्वरूप बदलेगा। परिवहन मंत्री अनिल विज के प्रयासों से बस स्टैंड की स्पेशल रिपेयर के लिए सरकार ने 92.37 लाख रुपए की प्रशासनिक मंजूरी प्रदान कर दी है। जल्द ही रिपेयर के लिए कार्य प्रारंभ किया जाएगा। बस स्टैंड के ढांचागत को पहले से भी अधिक बेहतर बनाया जाएगा ताकि यहां आने वाले यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें। मंत्री अनिल विज ने कहा कि छावनी बस स्टैंड जीटी रोड पर सबसे महत्वपूर्ण बस स्टैंड है और रोजाना यहां से हजारों यात्री अलग-अलग राज्यों में आने-जाने के लिए बसों से उतरते व चढ़ते हैं। दरअसल, गत दिनों परिवहन मंत्रालय की जिम्मेदारी संभालने के कुछ घंटे के भीतर ही परिवहन मंत्री अनिल विज ने छावनी बस स्टैंड पर व्यवस्थाओं को जानने के लिए औचक निरीक्षण किया था। निरीक्षण के दौरान कई खामियां उन्हें मिली थी और उन्होंने मौके पर ही बस स्टैंड इंचार्ज (एसएस) को निलंबित करने के निर्देश दिए थे। हालांकि परिवहन मंत्री अनिल विज के निरीक्षण के 24 घंटे के भीतर ही परिवहन विभाग ने बताई गई विभिन्न खामियों को ठीक किया था ताकि यात्रियों को समस्याओं का सामना न करना पड़े।
इसके अलावा मंत्री अनिल विज ने छावनी बस स्टैंड से दिल्ली तक बस में सफर किया था और इस दौरान उन्होंने यात्रियों से बातचीत करते हुए समस्याओं को भी जाना था। दरअसल, मंत्री अनिल विज के प्रयासों से ही वर्ष 1999 में छावनी बस स्टैंड को नया रूप दिया गया था। पहले यहां छोटा बस स्टैंड था, बाद में यह जीटी रोड का सबसे बड़ा बस स्टैंड बनाया गया था।
-