अंबाला सिटी। माध्यमिक शिक्षा हरियाणा निदेशालय से अतिरिक्त निदेशक कमलप्रीत कौर ने अंबाला खंड वन के तीन राजकीय स्कूलों का निरीक्षण किया।
उन्होंने राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बलदेव नगर, राजकीय माध्यमिक विद्यालय नसीरपुर और राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बलाना में जाकर चेकिंग की। साथ ही स्टाफ रजिस्टर भी चेक किया।
उनके साथ अंबाला खंड वन खंड शिक्षा अधिकारी सतबीर सिंह भी मौजूद रहे। अतिरिक्त निदेशक ने कक्षाओं में जाकर विद्यार्थियों से संवाद किया। साथ ही शिक्षकों की ओर से स्मार्ट बोर्ड के उपयोग को देखा और छात्रों से स्मार्ट बोर्ड के उपयोग से संबंधित प्रश्न पूछे। उन्होंने कक्षा में जाकर विद्यार्थियों से विषय संबंधित संबंध प्रश्न भी पूछे।
मिड डे मील की व्यवस्था देखी
इसके उपरांत अतिरिक्त निदेशक कमलप्रीत कौर ने मिड डे मील की व्यवस्था देखी और कार्यरत मील वर्कर्स से राशन के अनुपात की जानकारी ली। इसके साथ ही स्कूलों में चल रहे नामांकन अभियान की समीक्षा की और पिछले वर्ष तथा वर्तमान वर्ष के नामांकन की स्थिति के बारे में जानकारी प्राप्त की। साथ ही प्राथमिक, माध्यमिक और वरिष्ठ माध्यमिक स्तर के छात्र उपस्थिति की भी समीक्षा की। उन्होंने प्रवेश उत्सव के आयोजन और प्रयासों की जानकारी ली।
बलाना स्कूल में छात्रों का किया स्वागत
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल बलाना में प्रवेश उत्सव के अंतर्गत अतिरिक्त निदेशक ने कक्षा नौंवी में नए दाखिला लेने वाले छात्रों का स्वागत फूलों की माला पहनाकर स्वागत किया। निरीक्षण के दौरान सीआरसी हेड कंवलजीत कौर के नेतृत्व में विद्यालय परिसर में की गई सजावट और हरियाली को भी विशेष रूप से सराहा गया।
साथ ही राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल बलदेव नगर, राजकीय माध्यमिक स्कूल नसीरपुर और राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल बलाना में सक्रिय इको क्लब की गतिविधियों और किचन गार्डन को भी सराहा गया। निरीक्षण के अंत में खंड शिक्षा अधिकारी सतबीर सिंह और सीआरसी हेड कंवलजीत कौर ने अतिरिक्त निदेशक को पौधा भेंटकर पर्यावरण के प्रति प्रेम और सम्मान का संदेश दिया।