- अंतिम समय में जरूरी होने पर ही बदला जाएगा प्लेटफाॅर्म, मंडल रेल प्रबंधकों को जारी किए निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला। रेलवे ने यात्रियों की सुविधाओं को पुख्ता करने के लिए स्पष्ट किया है कि ट्रेनों के कोच की स्थिति और प्लेटफॉर्म नंबर की जानकारी में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी जोनल रेलवे को निर्देश दिया गया है कि वे तुरंत इन खामियों को दूर करें।
रेलवे के मुताबिक, कई स्टेशनों से ट्रेनों के रवाना होने से पहले कोच की सही क्रम संख्या यानी एकीकृत कोचिंग प्रणाली (आईसीएमएस) में दर्ज नहीं की जा रही है। इसलिए ट्रेन के प्रस्थान से पहले हर हाल में कोच नंबर की जानकारी सिस्टम में फीड करनी अनिवार्य होगी। होली के दौरान मंगवाई गई रिपोर्ट में खामियां नजर आई थीं। रिपोर्ट में कई रेलवे जोन द्वारा डेटा फीड न करने की बात सामने आई है।
तुरंत अपडेट करना जरूरी
जनरल मैनेजर और डीआरएम को निर्देश दिया गया है कि वे 100% अनुपालन सुनिश्चित करें ताकि यात्रियों को अपना कोच ढूंढने में भटकना न पड़े। इसी प्रकार प्लेटफॉर्म बदलने पर सिस्टम को भी तुरंत अपडेट करने का निर्देश दिया है। अक्सर देखा जाता है कि आखिरी समय पर प्लेटफॉर्म बदलने से स्टेशनों पर अफरातफरी मच जाती है। इसे रोकने के लिए रेलवे ने नया नियम तय किया है। रेलवे के इस कदम से उन करोड़ों यात्रियों को राहत मिलेगी जो अक्सर डिस्प्ले बोर्ड और मोबाइल एप पर अलग-अलग जानकारी देखकर भ्रमित हो जाते हैं।
स्टेशन मास्टर की जिम्मेदारी
यदि किसी ट्रेन का प्लेटफॉर्म बदला जाता है, तो स्टेशन मास्टर तुरंत इसकी सूचना एकीकृत यात्री सूचना प्रणाली (आईपीआईएस) ऑपरेटर को देगा। ऑपरेटर को तुरंत सिस्टम में नया प्लेटफॉर्म नंबर दर्ज करना होगा ताकि स्टेशन के डिस्प्ले बोर्ड पर सही जानकारी दिखे। रेलवे ने यह भी सुनिश्चित करने को कहा है कि स्टेशन के डिस्प्ले बोर्ड पर बदली गई जानकारी सीधे नेशनल ट्रेन इंक्वायरी सिस्टम एप और वेबसाइट पर भी नजर आए।
ट्रेनों के प्लेटफाॅर्म न बदलने के निर्देश विभागीय अधिकारियों को दिए गए हैं ताकि यात्रियों को परेशानी का सामना न करना पड़े। अगर बहुत ज्यादा जरूरत होगी तो ही प्लेटफाॅर्म बदला जाएगा और इसकी जानकारी सिस्टम पर भी अपडेट की जाएगी।
- विनोद भाटिया, डीआरएम अंबाला