अंबाला सिटी। विदेश भेजने के नाम पर 53 लाख रुपये की ठगी करने वाले एक आरोपी को पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा ने गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान कुरुक्षेत्र के शादीपुर लाडवा गांव निवासी कपिल के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर दो दिन के रिमांड पर लिया है, ताकि ठगी की रकम बरामद की जा सके।
जांच अधिकारी जसमिंदर सिंह के अनुसार, शहजादपुर क्षेत्र के बनौंदी गांव निवासी बलविंदर सिंह ने 15 सितंबर को शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायतकर्ता ने बताया कि आरोपी कपिल ने 10 अप्रैल 2024 से 29 सितंबर 2026 के बीच उनके बेटे और बेटी को विदेश में वर्क परमिट व स्टडी वीजा पर भेजने का झांसा दिया था। इसके एवज में आरोपी ने उनसे 53 लाख रुपये ऐंठ लिए। समय बीतने के बाद भी आरोपी ने न तो बच्चों को विदेश भेजा और न ही पैसे लौटाए।
-
तकनीकी इनपुट के आधार पर किया काबू
मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच आर्थिक अपराध शाखा को सौंपी गई। ईओडब्ल्यू प्रभारी निरीक्षक महेश कुमार के नेतृत्व में सहायक उप-निरीक्षक जसमिंदर सिंह व उनकी टीम ने गुप्त सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी को पकड़ा। जांच अधिकारी जसमिंदर सिंह ने बताया कि आरोपी को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया गया है। रिमांड के दौरान आरोपी से गहन पूछताछ की जाएगी, ताकि ठगी गई 53 लाख रुपये की भारी राशि बरामद की जा सके और इस फर्जीवाड़ा नेटवर्क में शामिल अन्य सह-आरोपियों पर शिकंजा कसा जा सके।