संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला। पाकिस्तान को गोपनीय सूचनाएं देने के आरोप में पकड़ा गया सबगा गांव निवासी सुनील सेना के लिए काम करने वाले निजी ठेकेदार के पास चार-पांच साल से सुपरवाइजर के पद पर कार्यरत था। पुलिस ने आरोपी का आईकार्ड बरामद किया है।
आरोपी के फोन को भी खंगाला जा रहा है, ताकि यह पता चल सके कि आखिर कहां-कहां की लोकेशन व जानकारी भेजी गई है। आखिर सुनील कब से किस-किस के संपर्क में था। लेनदेन का पता लगाने के लिए बैंक खातों को भी खंगाला जा रहा है। चार दिन के रिमांड के दौरान आरोपी की सैन्य क्षेत्रों में भी निशानदेही करवाई जाएगी।
भारतीय नंबर के व्हाट्सएप से झांसे में आया था युवक : पुलिस की जांच में यह भी सामने आया है कि सुनील से फेसबुक के जरिये संपर्क में आई महिला या फिर किसी अन्य व्यक्ति ने एक व्हाट्सएप के जरिये सूचनाएं लीं। हैरानी की बात यह है कि यह नंबर भी भारतीय नंबर की तरह था, जिसने युवक को झांसे में लिया। ऐसे में पता नहीं चल पाता कि यह सूचना देश से बाहर कहीं जा सकती हो। हालांकि पुलिस इसकी भी जांच कर रही है। बताया जाता है कि सुनील को फेसबुक पर फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजने वाली महिला ने खुद को दिल्ली की बताया था।
आरोपी का सबगा गांव में अपना मकान है। पिता रेलवे से रिटायर्ड हैं और वह दो भाई हैं। गांव में हर कोई हैरान है कि ऐसा कैसे हो गया। आरोपी पर पहले किसी तरह का कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं है। यह पंजाबी है। सुनील ने पसियाला गांव के सरकारी स्कूल से पढ़ाई की है।