अंबाला। अंबाला छावनी रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म-2 पर बुधवार को जनसेवा एक्सप्रेस में यात्रियों की भारी भीड़ के बीच मोबाइल छीनने की घटना सामने आई। ट्रेन में चढ़ने और उतरने के लिए यात्रियों के बीच मची आपाधापी का फायदा उठाकर एक अज्ञात व्यक्ति यात्री का 40 हजार रुपये कीमत का मोबाइल छीनकर भाग गया। पीड़ित ने पुलिस को शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है।
जनसेवा एक्सप्रेस पहले से ही यात्रियों से खचाखच भरी हुई थी। ट्रेन के प्लेटफार्म पर रुकते ही बाहर खड़े यात्रियों ने डिब्बों में चढ़ने का प्रयास किया। इस दौरान कई यात्री किसी तरह ट्रेन में सवार हो गए, जबकि दर्जनों यात्री प्लेटफार्म पर ही रह गए। ट्रेन चलने के बाद भी कुछ यात्री उसके साथ-साथ दौड़ते रहे।
इसी दौरान एक यात्री मोबाइल पर बात करते हुए ट्रेन के साथ पैदल चल रहा था। ट्रेन के दरवाजे पर खड़े एक अज्ञात व्यक्ति ने मौका पाकर उसके हाथ से मोबाइल छीन लिया। पीड़ित ने आरोपी के पीछे दौड़कर फोन वापस लेने का प्रयास किया, लेकिन ट्रेन की रफ्तार बढ़ने से वह सफल नहीं हो सका। मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों ने पीड़ित को रोककर उसकी आपबीती सुनी। यात्री ने बताया कि उसने दो दिन पहले ही 40 हजार रुपये में नया मोबाइल खरीदा था। पुलिस मामले की जांच कर रही है।