अंबाला में छात्र की मौत के मामले में गिरफ्तार दोनों पुलिस कर्मियों को पुलिस ने शुक्रवार को अदालत में पेश किया। अदालत ने दोनों को जमानत दे दी है।
गौरतलब है कि बीते बुधवार को कैंट इंदिरा चौक के पास अंबा मार्केट सामने पुलिस कर्मी वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान एक बाइक पर दो युवकों को आता देख उन्हें रोकने के लिए पुलिस कर्मी ने डंडा मारा, जिससे एक युवक गिर गया। इसी दौरान पिकअप वाहन ने उसे कुचल दिया।
हादसे के बाद युवक को कैंट सिविल अस्पताल लेकर आए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की पहचान दुखेड़ी निवासी अमरदीप के रूप में हुई, जो जीएमएन कालेज का छात्र था। इसके बाद गुस्साए छात्रों ने अंबाला-जगाधरी मार्ग जाम किया, जबकि जमकर हंगामा भी किया।
पुलिस ने दो पुलिस कर्मचारियों पर गैरइरादतन हत्या का केस दर्ज किया है।