संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला। पुलिस ने रिश्तेदार बनकर फर्जी कॉल से एक व्यक्ति से 2 लाख 29 हजार रुपये की साइबर ठगी करने वाले एक शातिर आरोपी को दिल्ली से गिरफ्तार किया है। शाहपुर निवासी कमलजीत ने 29 अक्तूबर को थाना साइबर क्राइम में शिकायत दर्ज कराई थी।
शिकायतकर्ता कमलजीत ने बताया कि 27 अक्तूबर को उनके पास एक फोन आया था। फोन करने वाले ने खुद को उनका रिश्तेदार बताते हुए कहा कि वह उनके खाते में 9 लाख 30 हजार रुपये भेज रहा है। आरोपी ने कहा कि इस राशि में से 2 लाख 55 हजार रुपये उसके एक दोस्त को भेज देने हैं और शेष रकम वह भारत आने के बाद ले लेगा।
शिकायतकर्ता को झांसे में लेने के लिए शातिर ठग ने 9 लाख 30 हजार रुपये के लेन-देन की एक फर्जी ट्रांजेक्शन स्लिप भी व्हाट्सएप पर भेज दी। खाते में बड़ी रकम आने की बात पर विश्वास करके शिकायतकर्ता ने आरोपी के बताए अनुसार 2 लाख 29 हजार रुपये उसके दोस्त के खाते में ट्रांसफर कर दिए।
-
असली रिश्तेदार से संपर्क करने पर खुला राज
जांच अधिकारी सहायक उप निरीक्षक मेहताब सिंह ने बताया कि लेन-देन के कुछ देर बाद शिकायतकर्ता ने अपने बैंक खाते की जांच की, तो खाते में एक भी रुपया नहीं आया था। शक होने पर उन्होंने विदेश में रह रहे अपने असली परिचित से संपर्क किया, तब जाकर उन्हें अपने साथ हुई साइबर ठगी का एहसास हुआ। इसके तुरंत बाद मामले की शिकायत साइबर क्राइम पुलिस को दी गई।
गिरोह के अन्य आरोपियों की पहचान में जुटी पुलिस
जांच अधिकारी सहायक उप निरीक्षक मेहताब सिंह ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद थाना साइबर क्राइम की टीम ने मामला दर्ज कर तकनीकी सेल की मदद से जांच शुरू की। वैज्ञानिक अनुसंधान और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने जाल बिछाते हुए मामले में संलिप्त मुख्य आरोपी दिल्ली के जहांगीरपुरी निवासी रोहन कुमार को काबू किया। आरोपी को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस अब इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर रही है और उनकी गिरफ्तारी के साथ-साथ ठगी गई रकम की बरामदगी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।